रेलवन ऐप से अब अनारक्षित रेल टिकट पर सभी डिजिटल पेमेंट मोड से मिलेगा 3 प्रतिशत का लाभ

0
3cbb4e3a-c041-41ad-9ee8-42b75fd2960d

आगरा। भारतीय रेलवे यात्रियों को डिजिटल माध्यमों से अधिक सुविधा, पारदर्शिता और प्रोत्साहन देने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। इसके तहत मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता की अगुवाई में रेलवे द्वारा संचालित रेलवन ऐप के माध्यम से अनारक्षित रेल टिकट खरीदने वाले यात्रियों के हित में लाभकारी सुविधा का विस्तार किया जा रहा है। इसे फिलहाल छह के लिए प्रायोगिक स्तर पर 14 जनवरी से 14 जुलाई तक लागू किया जा रहा है।

रेलवन ऐप पर अनारक्षित टिकट बुक करते समय अभी तक केवल आर-वॉलेट के माध्यम से भुगतान करने पर ही यात्रियों को 3 प्रतिशत बोनस कैशबैक की सुविधा मिलती थी, लेकिन अब इस लाभ को सभी डिजिटल पेमेंट मोड पर लागू करने का निर्णय लिया गया है। नई व्यवस्था के तहत अब रेलवन ऐप के जरिए अनारक्षित टिकट लेते समय यदि यात्री यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग अथवा अन्य स्वीकृत डिजिटल भुगतान माध्यमों का उपयोग करते हैं, तो उन्हें भी टिकट मूल्य पर 3 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी। ताकि यात्रियों को टिकट बुकिंग में सीधी बचत मिल सके।

रेलवे का यह कदम यात्रियों को कैशलेस लेन-देन के लिए प्रेरित करने के साथ डिजिटल इंडिया अभियान को और मजबूती प्रदान करेगा। विशेष रूप से दैनिक यात्रा करने वाले यात्रियों, उपनगरीय क्षेत्रों के यात्रियों और अनारक्षित श्रेणी में यात्रा करने वाले आम नागरिकों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। एकीकृत सुपर ऐप के रूप में सीआरआईएस द्वारा विकसित रेलवन ऐप का बीटा संस्करण जनवरी 2025 में शुरू किया गया था। इसे प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से डाउनलोड कर रेल कनेक्ट या यूटीएस मोबाइल ऐप के मौजूदा उपयोगकर्ता अपनी पहचान के प्रमाण के साथ सीधे लॉग इन कर सकते हैं। रेलवन ऐप पर अनारक्षित टिकट, आरक्षित टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट, ट्रेन और स्टेशन से जुड़ी विभिन्न जानकारियां, शिकायत निवारण और अन्य यात्री सुविधाएं एक ही मंच पर उपलब्ध हैं। अनारक्षित टिकट के लिए काउंटर पर लगने वाली लंबी कतारों से बचने में यह ऐप पहले से ही यात्रियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहा है। अब सभी डिजिटल भुगतान मोड पर 3 प्रतिशत लाभ की सुविधा मिलने से इसकी लोकप्रियता में और वृद्धि होने की संभावना है। यह पहल न केवल यात्रियों के समय और धन की बचत करेगी, बल्कि रेलवे की सेवाओं को और अधिक आधुनिक, सुगम और पर्यावरण अनुकूल बनाने में भी सहायक सिद्ध होगी।

ऐप की विशेषताएं

’ ट्रेन, कोच पोजीशन और पीएनआर नंबर की जानकारी
’ आरक्षित और अनारक्षित टिकट बुकिंग और रद्दीकरण
’ रियल टाइम ट्रेन पूछताछ और लाइव स्टेटस
’ ई-कैटरिंग सेवा के माध्यम से भोजन की ऑनलाइन बुकिंग
’ शिकायत और सुझाव दर्ज कराना तथा उनकी स्थिति देखना

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *