सम्मान पाकर खिले रेलवे के सांस्कृतिक प्रतियोगिता विजेताओं के चेहरे
आगरा मंडल में मंडलीय सांस्कृतिक प्रतिभा प्रतियोगिता 2025 का हुआ पुरस्कार वितरण समारोह
मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने रेलवे के गोवर्धन सभागार में विजेताओं को प्रदान किए पुरस्कार
आगरा। सांस्कृतिक गतिविधियों को बढावा देने और रेल कर्मचारियों की प्रतिभा निखारने के लिए आगरा रेल मंडल में हुई मंडलीय प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण बुधवार को मंडल रेल कार्यालय के गोवर्धन सभागार में आयोजित समारोह में वितरित किए गए। पुरस्कार वितरण समारोह मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सनत जैन की अगुवाई में हुआ।
दो दिवसीय मंडलीय सांस्कृतिक प्रतिभा प्रतियोगिता 2025 का आयोजन 26-27 दिसंबर को आगरा के रेलवे ऑफिसर क्लब में आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता में आगरा मंडल के रेल कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों ने बढ-चढकर हिस्सा लिया था।
गायन, नृत्य और अभिनय सहित विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में प्रतिभागियों ने अपने हुनर का प्रदर्शन किया था। प्रतियोगिता के परिणाम तभी घोषित किए गए थे। बुधवार को रेलवे के गोवर्धन सभागार में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल द्वारा विभिन्न विधाओं-मोनो अभिनय, समूह, एकल नृत्य, समूह गान और शास्त्रीय नृत्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। वहीं प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस दौरान समारोह में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
रेलवे के अधिकारियों ने आगरा मंडल की सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और कर्मचारियों व उनके परिवारी जनों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।





