मच्छरजनित रोगों से बचाव को शहर से देहात तक कराएं कीटनाशक दवा का छिडकावः जयवीर सिंह

0
b107be29-d825-4278-a971-7470aba1c591

जनपद प्रभारी मंत्री ने की विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा

छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम की आगरा को जल्द मिलेगी सौगात

आरटीई एक्ट 2009 के तहत जिले में एक भी सीट न रहे रिक्तः जयवीर

सीएम योगी के नव निर्माण के 9 वर्ष विकास पुस्तिका का किया विमोचन

आगरा। जनपद के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा प्रदेश के पर्यटन और संस्कृति मंत्री व जनपद प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने सोमवार को नवीन सर्किट हाउस में की। उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायतों में मच्छरजनित रोगों से बचाव को दवा का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। वहीं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए हिदायत दी कि आरटीई एक्ट तहत जनपद में एक भी सीट रिक्त न रहे। इस दौरान प्रभारी मंत्री जनप्रतिनिधिगणों संग नव निर्माण के 9 वर्ष विकास पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।

बैठक में अधिशासी अभियंता सिंचाई और अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी के बैठक से अनुपस्थिति पर प्रभारी मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण तलब किया। बैठक में पुलिस विभाग की समीक्षा में गोबर चैकी क्षेत्र में 8 वर्षीय बेटी की हत्या प्रकरण में पुलिस की त्वरित कार्यवाही की प्रभारी मंत्री ने सराहना की। बिना नम्बर के डम्परों द्वारा खनन के बारे में अपर पुलिस आयुक्त ने बताया कि पुलिस और प्रशासन द्वारा कमेटी बनाकर बिना नम्बर के डम्परों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही संचालित की जायेगी। पीडब्ल्यूडी विभाग को सड़क की पटरी निर्माण के लिए मिट्टी की अनुमति के साथ ही प्रभारी मंत्री ने किसानों को भी निजी कार्य के लिए मिट्टी उठान की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

आईजीआरएस फीडबैक के आधार पर खराब प्रदर्शन करने वाले अधिशासी अभियंता सिंचाई, विद्युत और जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्साधीक्षक को कड़ी चेतावनी दी गई। साथ ही शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने जिले के सभी अस्पतालों में दवाएं मुहैया कराने के साथ ही शहर और सभी ग्राम पंचायतों में भी मच्छरजनित रोगों से बचाव के लिए दवा का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। सभी पंचायतों में फागिंग मशीन की व्यवस्था कर दवा का छिड़काव किया जाए। साथ ही पूरे अभियान की फोटोग्राफी कराकर मॉनीटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों में सूखा व गीला कूड़ा के लिए बनाये गये आरसीसी सेन्टर की प्रभावी व्यवस्था के भी निर्देश दिए।

जनपद में खुले में घूम रहे निराश्रित गौवंश को संरक्षित करने की कार्ययोजना तलब करते हुए प्रभारी मंत्री को बताया गया कि जनपद में 26486 निराश्रित गौवंश संरक्षित हैं। यीडा द्वारा ग्राम धौरऊ में 6000 की क्षमता वाले गौसंरक्षण केन्द्र जल्द ही बनकर तैयार हो जायेगा। इसमें निराश्रित गौवंश का संरक्षण किया जायेगा। विद्युत विभाग की समीक्षा में आईजीआरएस के फीडबैक में खराब प्रदर्शन करने पर प्रभारी मंत्री नाराजगी जताते हुए सम्बन्धित के खिलाफ कार्यवाही के निर्देश दिए। स्मार्ट मीटर की समीक्षा में स्कोर रीडिंग, मीटर रीडर की शिकायतों की जांच करने और दोषी के विरूद्ध मुकद्मा लिखने के साथ ही जिम्मेदार अधिकारी को सस्पेंड करने की कार्यवाही के निर्देश दिए। साथ ही स्मार्ट मीटर के प्रचार-प्रसार कर आमजन में जनजागरूकता के निर्देश दिए। जांच में स्कोर रीडिंग, मीटर रीडर में कमी मिलने पर सम्बन्धित कम्पनी के विरूद्ध कार्यवाही किए जाने के भी निर्देश दिए।

शिक्षा का अधिकार (आरटीई) एक्ट 2009 के तहत निजी स्कूलों में वंचित और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के चयनित बच्चों का प्रवेश सुनिश्चित किए जाने के निर्देश देते हुए प्रभारी मंत्री स्पष्ट कहाकि शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत जनपद में एक भी सीट रिक्त न रहे। बैठक में निजी स्कूलों के सामने वाहन खड़े होने से ट्रैफिक व्यवस्था में बाधा होने की शिकायत पर प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी स्कूल अपनी पार्किंग की सुविधा विकसित कराएं। साथ ही रूट चार्ट बनाकर स्कूलों में छुट्टी का समय अन्तराल सुनिश्चित किया जाए। बैठक में जनपद में नवीन राजकीय महाविद्यालयों, पॉलीटेक्निक में आवश्यकता अनुसार स्टाफ की नियुक्ति के लिए शासन से पत्र व्यवहार करने, जनपद की नहरों व रजवाहों की सफाई सम्बन्धी शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।

बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा जिला जेल में मशक्कत के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत पर, जिला जेल अधीक्षक ने बताया कि उक्त शिकायतें निराधार हैं। जिला जेल में बन्दियों की गतिविधियों की निगरानी और पारदर्शिता के दृष्टिगत पूर्व में 60 सीसीटीवी कैमरे के साथ 32 नग सीसीटीवी कैमरे और लगवाये गये हैं। इनसे बन्दियों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाती है। प्रत्येक सर्किल में शिकायत पेटिका की व्यवस्था है। प्राप्त शिकायतों का उच्च स्तर पर निस्तारण किया जाता है। सभी प्रमुख स्थानों पर वरिष्ठ जेल अधिकारियों के मोबाइल नम्बर लिखवाये गये हैं। किसी भी सीसीटीवी, शिकायत पेटिका और बन्दियों के परिजनों ने इस प्रकार की शिकायत को संज्ञान में नहीं लाया गया है, जो बन्दी स्वेच्छा से श्रम करते हैं, उन्हें श्रम के बदले निर्धारित दर पर पारिश्रमिक का भुगतान किया जाता है।

पर्यटन विभाग की समीक्षा में बताया गया कि ब्लॉक बरौली अहीर के ग्राम इटौरा में स्थित कैला माता मन्दिर के विकास को 98.69 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसमें प्रथम किश्त 60 लाख, ब्लॉक अकोला के नगला बीच स्थित सीतल कुण्ड धाम मन्दिर के लिए 103.9 लाख की स्वीकृत राशि में प्रथम किश्त 65 लाख, एत्मादपुर के आदिनाथ, भरत, बाहुबली त्रिमूर्ति जैन मन्दिर के 105.76 लाख की स्वीकृत राशि में प्रथम किश्त 50 लाख, फतेहाबाद के पैंतीखेड़ा, ग्राम पिपरी स्थित सती माता मन्दिर के विकास के लिए 104.24 लाख में से प्रथम किश्त 65 लाख, कैंट स्थित प्रचीन राजेश्वर महादेव मन्दिर के लिए 142.39 लाख स्वीकृत राशि में प्रथम किश्त 107 लाख, फतेहाबाद के मेवली खुर्द शिव मन्दिर के लिए 88 लाख स्वीकृत राशि में प्रथम किश्त 77.25 लाख की राशि अवमुक्त की गई है।

प्रभारी मंत्री ने बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम निर्माण के लिए 75 करोड़ की राशि अवमुक्त की गई है। जल्द ही भव्य रूप में छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम की आगरा को सौगात मिलेगी। प्रभारी मंत्री कहाकि जनपद में कैलाश मन्दिर, बटेश्वर मन्दिर, सौरीपुर मन्दिर सहित अनेक पर्यटन विकास के कार्य प्रगति पर हैं। बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण तथा शहरी), आगरा मैट्रो, जल निगम, पीडब्ल्यूडी, खाद्य व रशद विभाग, कृषि, वृहद निर्माण कार्य आदि की भी समीक्षा की गई।

इस दौरान जनपद प्रभारी मंत्री जिले जनप्रतिनिधियों के साथ सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा प्रकाशित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नव निर्माण के 9 वर्ष विकास पुस्तिका का विमोचन किया गया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डाॅ. मंजू भदौरिया, विधायक रानी पक्षालिका सिंह, डाॅ. जीएस धर्मेश, पुरूषोत्तम खण्डेलवाल, चैधरी बाबूलाल, डाॅ. धर्मपाल सिंह, भगवान सिंह कुशवाहा, छोटेलाल वर्मा, एमएलसी विजय शिवहरे, आकाश अग्रवाल, जिलाध्यक्ष भाजपा प्रशान्त पौनियां, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, महिला बाल विकास मंत्री बेबीरानी मौर्य के प्रतिनिधि यशपाल राणा, सांसद फतेहपुर सीकरी के प्रतिनिधि सतेन्द्र यादव, जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी, अपर पुलिस आयुक्त रामबदन सिंह, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, नगर आयुक्त अंकित खण्डेलवाल, सीएमओ डाॅ. अरूण श्रीवास्तव सहित जनपद के सभी अधिकारीगण मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *