फिरोजाबाद में ईद की खरीदारी करने जा रहे तीन दोस्तों को ट्रक ने रौंदा, दो की मौत, तीसरा गंभीर घायल
फिरोजाबाद। शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के नौशहरा गांव के पास सोमवार को हुए सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। तीनों ईद के लिए खरीदारी करने शिकोहाबाद जा रहे थे। हादसे की जानकारी होते ही इनके परिवारों में कोहराम मच गया। त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं। इधर, पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
थाना सिरसागंज के गांव सराय शेख निवासी उवैस (14), अनस (15) और अरहान (16) तीनों दोस्त सोमवार दोपहर करीब 2 बजे बाइक से ईद के कपड़े खरीदने शिकोहाबाद जा रहे थे। प्रहलादराय टिकमानी फैक्टरी के पास कट पर बाइक को गलत दिशा में मोड़ते समय फिरोजाबाद की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। अनस और अरहान की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहा उवैस उछलकर दूसरी ओर जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने घायल उवैस को अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद रेफर कर दिया गया। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घर में कोहराम मच गया। अरहान अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। इकलौते चिराग के बुझने से गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने दोनों किशोरों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी ट्रक की पहचान के प्रयास जारी हैं।
