दरोगा ने युवक को हडकायाः टेबल के आमने-सामने बैठ जाओ, वरना आगरा पुलिस रगड़ देगी, बातचीत का वीडियो वायरल
वीडियो में वकीलों पर भी अभद्र टिप्पणी कर रहे दरोगा सुरजीत सिंह
सिकंदरा थाने में तैनात दरोगा सुरजीत का बताया जा रहा वीडियो
आगरा। सिकंदरा थाने में तैनात एक दरोगा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक युवक को धमकाते हुए आमने-सामने टेबल पर बैठने और वकीलों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते दिखाई दे रहा है। वीडियो नोएडा में पूछताछ के दौरान बनाया गया था। इस मामले में वादी मुकेश पर पहले से एक्सटॉर्शन और धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज हैं। जबकि उसने भी फरवरी 2026 में सिकंदरा थाने में क्रॉस मुकदमा दर्ज कराया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस के आला अधिकारियों की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे दरोगा सुरजीत सिंह हैं, जो वर्तमान में सिकंदरा थाने में तैनात बताए जा रहे हैं। वीडियो में वह एक युवक से सख्त लहजे में बात करते नजर आ रहे हैं। दरोगा युवक से कहते सुनाई दे रहे हैं कि टेबल के आमने-सामने बैठ जाओ, वरना आगरा पुलिस रगड़ देगी। यही नहीं, पूछताछ के दौरान दरोगा ने वकीलों को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की। वीडियो में वह साफ कहते सुनाई दे रहे हैं कि वकील बेवकूफ बनाते हैं, कुछ नहीं कर पाते। इस टिप्पणी से अधिवक्ताओं में खासा आक्रोश है।
वीडियो नोएडा का है, जहां दरोगा सुरेशचंद नाम के व्यक्ति के बेटे से पूछताछ कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी बातचीत का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। मामले की पड़ताल में यह भी सामने आया है कि वादी मुकदमा मुकेश के खिलाफ पहले से ही एक्सटॉर्शन और धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि पिछले साल 6 नवंबर को थाना न्यू आगरा में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके अलावा हाथरस में भी मुकेश और उसके साथियों पर इसी तरह के आरोपों में मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आ रही है।
दूसरी ओर, मुकेश की ओर से फरवरी 2026 में थाना सिकंदरा में एक क्रॉस मुकदमा दर्ज कराया गया। आरोप है कि यह मुकदमा थाना स्तर पर सांठगांठ कर दर्ज कराया गया। चर्चा यह भी है कि धारा 406 के तहत मुकदमा दर्ज करने के लिए उच्च अधिकारियों की अनुमति जरूरी होती है, लेकिन यहां बिना अनुमति के ही मामला दर्ज कर लिया गया। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस विभाग इस वायरल वीडियो पर एक्शन लेता है।
