कौन बनेगा बिहार का अगला सीएम? नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए किया नामांकन
बिहार की राजनीति में बडा बदलाव के मिल रहे संकेत
पटना। बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। करीब 21 वर्षों तक बिहार की सत्ता की कमान संभालने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब सक्रिय राजनीति से एक नई भूमिका की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं। गुरुवार को उन्होंने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। इससे यह लगभग तय माना जा रहा है कि वे जल्द ही संसद के उच्च सदन में नजर आएंगे। नीतीश कुमार ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से राज्यसभा जाने की जानकारी साझा की, जिसके बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा उम्मीदवार के लिए नामांकन दाखिल किया। उनके साथ भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर, उपेन्द्र कुशवाहा और शिवेश कुमार ने भी नामांकन दाखिल किया। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। नीतीश कुमार के इस फैसले के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अब राज्य में भाजपा का मुख्यमंत्री बन सकता है। इसके साथ ही कई बड़े नेताओं के नाम मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सामने आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे उपमुख्यमंत्री सम्राट चैधरी और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा का नाम माना जा रहा है। इसके अलावा केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, मंत्री दिलीप जायसवाल और दीघा से भाजपा विधायक संजीव चैरसिया भी संभावित दावेदारों में शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि अभी तक भाजपा या एनडीए की ओर से आधिकारिक तौर पर नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले ने बिहार की राजनीति में नए नेतृत्व की चर्चा को तेज कर दिया है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि आखिरकार राज्य की कमान किस नेता को सौंपी जाती है।
