आगरा में सात फेरे लेने के बाद सीधे इंटरव्यू देने पहुंची दुल्हन, हाथ थामकर बोला दूल्हा पत्नी का हर कदम दूंगा साथ
मेहंदी लगे हाथ और शादी के लाल जोड़े में घूंघट में इंटरव्यू देने पहुंची दुल्हन
विकास भवन संजय प्लेस दूल्हे के साथ दुल्हन अनिशा को देख जमा हुई भीड
आगरा। सात फेरे लेकर सात जन्मों तक साथ निभाने वचन के बाद दुल्हन को ससुराल विदाकर ले जाने के बजाए पति दुल्हन को सीधे नौकरी के लिए इंटरव्यू दिलाने ले गया। विकास भवन संजय प्लेस में नवविवाहित जोडा चर्चा का विषय बन गया। घूंघट की ओट में दुल्हन से इंटरव्यू दिया। इस दौरान विकास भवन में लोगों की भीड जुट गई।
दरअसल, दुल्हन ने शादी के पहले ही बाल विकास विभाग में आंगनबाड़ी वर्कर की वैकेंसी के लिए फॉर्म भर रखा था। संयोग से जिस दिन शादी थी, उसी दिन उसका नौकरी के लिए इंटर व्यू था। दूल्हे ने दुल्हन की भावनाओं को समझा। उसने झटपट शादी की रस्में निपटाईं और दुल्हन को विकास भवन संजय प्लेस लेकर पहुंचा। जहां दुल्हन ने शादी के जोड़े में ही इंटरव्यू दिया।
मामला सैंया क्षेत्र के लाडूखेड़ा का है। यहां 21 फरवरी को मनोज कुमार और अनिशा की शादी थी। धूमधाम से शादी की रस्में अदा की गईं। विवाह की सभी रस्में पूरी होने के बाद मनोज अपनी दुल्हन को विदा कराकर सीधे संजय प्लेस स्थित विकास भवन लेकर पहुंचा। दूल्हे के साथ घूंघट में दुल्हन को देख लोगों की भीड़ जुट गई। हर कोई हैरान था कि आखिर नवविवाहिता जोड़ा विकास भवन किसलिए आया है।
मनोज ने बताया कि पत्नी का आंगनबाड़ी कार्यकत्री के पद के लिए साक्षात्कार होना है। इसलिए वह शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन को सीधे इंटरव्यू दिलाने लाया है। मनोज लादूखेड़ा में साइबर कैफे चलाते हैं। इस दौरान मौजूद लोगों ने मनोज के इस कदम की जमकर सराहना की।

