राज्य सभा की 37 सीटों के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान, 16 मार्च को मतदान
नई दिल्ली। भारत के निर्वाचन आयोग ने बुधवार, 18 फरवरी को राज्यसभा की 37 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम की अधिसूचना जारी कर दी। इन सीटों पर 16 मार्च को मतदान और उसके बाद उसी दिन मतगणना होगी। अप्रैल में 37 सदस्यों का कार्यकाल पूरा होने के कारण यह निर्वाचन प्रक्रिया शुरू की गई है।
अधिसूचना में आयोग ने बताया कि चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति समेत सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। आयोग ने कहाकि मतदान प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। ताकि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। जिन राज्यों में सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें महाराष्ट्र से सात, तमिलनाडु से छह, पश्चिम बंगाल और बिहार से पांच-पांच, ओडिशा से चार, असम से तीन, जबकि छत्तीसगढ़, हरियाणा और तेलंगाना से दो-दो सांसद शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश के एक सदस्य का कार्यकाल पूरा हो रहा है। खत्म हो रहे कार्यकाल वाले प्रमुख सदस्यों में एनसीपी (शरद पवार गुट) के अध्यक्ष शरद पवार, शिवसेना (यूबीटी) की प्रियंका चतुर्वेदी, आरपीआई (एटीडब्ल्यूएल) के रामदास अठावले, तृणमूल कांग्रेस के साकेत गोखले और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा समेत कई नाम शामिल हैं। इन सीटों पर नए सदस्यों का चयन आने वाले छह वर्षों के लिए किया जाएगा।
राज्यसभा एक स्थायी सदन है और इसे भंग नहीं किया जा सकता। संविधान के अनुच्छेद 83 (1) के तहत इसके एक-तिहाई सदस्य हर दो साल में सेवानिवृत्त होते हैं और इन खाली पदों को भरने के लिए दो साल में चुनाव आयोजित किए जाते हैं। सदस्यों का कार्यकाल छह वर्ष का होता है। जबकि इस्तीफा, मृत्यु या अयोग्यता के मामलों में होने वाले उपचुनावों में चुने गए सदस्य शेष कार्यकाल पूरा करते हैंै।
