सीएम योगी के माता प्रसाद की पत्नी वाले बयान पर भड़के अखिलेश, बोले-जिनके परिवार नहीं होते वो…
लखनऊ। विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एक टिप्पणी को लेकर बड़ा सियासी विवाद खड़ा हो गया है। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय की पत्नी के संदर्भ में सीएम के कथित बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अब इस मामले पर उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय की पत्नी को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा की गई टिप्पणी पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहाकि, हमारा पीडीए परिवार जैसे-जैसे बढ़ता जा रहा है, वैसे-वैसे अपरिवारी-अपंजीकृत लोगों का आत्मविश्वास धंसता जा रहा है। अखिलेश यादव ने कहाकि जिनके परिवार नहीं होते वो ही किसी की सम्माननीय अर्धांगनी को धर्म पत्नी के स्थान पर भरे सदन में अभद्र-अपमानजनक शब्द से संबोधित कर सकते हैं. भाजपाइयों और उनके संगी- साथियों को परिवार अगर इतना बुरा लगता है तो घोषित कर दें कि न तो किसी परिवार का वोट लेंगे न ही उनसे कोई चंदा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्या कहा था?
दरअसल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यूपी विधानसभा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वायरल वीडियो में मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय की पत्नी को लेकर कुछ ऐसी टिप्पणी कर दी है जिससे प्रदेश की सियासत गरमा गई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय की पत्नी को बुढ़िया कहकर संबोधित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहाकि पांडेय जी आप भी अपनी बुढ़िया को जेवर सहित रात को 12 बजे ले आईये।
