थम नहीं रहा है बापू नगर खंदारी दिवाकर समाज बगीची विवाद
कांग्रेस और आम्बेडकर अनुयायी फाउंडेशन ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
मंदिर को रास्ता, बाबा साहेब, गांधी प्रतिमा को मुक्त कराने की मांग
कलेक्ट्रेट पर ज्ञापन के दौरान बडी संख्या में मौजूद रहे क्षेत्रीय लोग
आगरा। बापू नगर खंदारी के सैकडों लोग सोमवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष और आम्बेडकर अनुयायी फाउंडेशन की अगवाई में खंदारी स्थित दिवाकर समाज की बगीची के जमीन विवाद को लेकर जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में बगीची में लगी गांधी, आंबेडकर प्रतिमा को भूमाफिया की नजरबंदी से मुक्त कराने की मांग की गई। साथ ही मंदिर जाने के लिए जगह छोड़ने की मांग की गई।
कांग्रेस शहर अध्यक्ष अमित सिंह ने कहाकि भूमाफिया द्वारा बगीची स्थित मंदिर का रास्ता बंद कर दिया गया है। चार दीवार खडी कर मंदिर को बंद कर दिया गया है। आंबेडकर और गांधी जी की प्रतिमा को कैद कर दिया है। ज्ञापन में कहा गया है कि बगीची दो सौ साल पुरानी है। जिलाधिकारी से कमेटी बनाकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि जिस जगह पर केस जीतने का हवाला दिया जा रहा है वह गाटा संख्या गलत है। किसी दूसरी गाटा संख्या पर केस जीता है और कब्जा बगीची के आगे सार्वजनिक जमीन पर किया जा रहा है। इसलिए इसकी जांच जरूरी है।
वहीं आम्बेडकर अनुयायी फाउंडेशन आशीष डे ने कहाकि बापू नगर खंदारी स्थित दिवाकर समाज की बगीची के आगे बाबा साहब और महात्मा गांधी की प्रतिमा लगी है। भूमाफिया कोर्ट से जीत का हवाला देकर उक्त जमीन पर कब्जा कर रहा है। महात्मा गांधी और बाबा साहब की प्रतिमा को एक कोने में कर दिया गया है। उन्होंने मामले की जांच कराकर जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है।
गौरतलब है कि खंदारी स्थित धोबी की बगीची में महाशिवरात्रि पर मंदिर में ताला लगाने का विरोध हुआ था। पूजा करने आए लोगों ने इसका विरोध किया, लेकिन ताला नहीं खुला। इस पर आक्रोशित लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। प्रदर्शनकारियों ने मंदिर का ताला खोलने और उन्हें रास्ता देने की मांग की। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांत करने की कोशिश की और मंदिर का ताला खोलने और पूजा कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही लोग माने।

