जनता के कल्याण के लिए नहीं बल्कि बंदरबांट के लिए पेश हुआ विशाल बजटः शिवपाल
शिवपाल यादव ने विधानसभा में दिखाए तीखे तेवर
सरकार से सवाल, बिना नौकरी के कैसा रोजगार?
अब शुक्रवार को सीएम योगी देंगे सवालों के जबाव
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का चैथा दिन समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता शिवपाल यादव ने योगी सरकार के बजट पर तीखा प्रहार करते हुए इसे विकास का नहीं, बल्कि प्रदेश को लूटने का जरिया करार दिया। उन्होंने बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कई गंभीर सवाल खड़े किए।
राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान शिवपाल यादव ने युवाओं की दुखती रग पर हाथ रखा। उन्होंने सदन में कहाकि सरकार ने बजट तो पेश कर दिया, लेकिन इसमें नौकरियों के सृजन का कोई साफ रास्ता नहीं है। शिवपाल ने दावा किया कि मौजूदा सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और यह विशाल बजट जनता के कल्याण के लिए नहीं, बल्कि आपसी बंदरबांट के लिए है। उन्होंने तंज कसते हुए कहाकि भाजपा के पास अब कोई ठोस काम नहीं बचा है, वे केवल लोगों को आपस में लड़ाकर राजनीति कर रहे हैं।
सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही माहौल गरमा गया था। सपा और कांग्रेस के विधायकों ने हाथों में पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया। विपक्ष का आरोप है कि बजट में किसानों की आय और गरीबों की थाली के लिए कुछ नहीं है। महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के नाम पर केवल दिखावा किया गया है। वहीं बढ़ती महंगाई को काबू करने के लिए बजट में कोई प्रावधान नहीं है।
शिवपाल यादव और विपक्ष के इन तीखे हमलों के बाद अब गेंद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पाले में है। विधानसभा की परंपरा के अनुसार, शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राज्यपाल के अभिभाषण पर हुई चर्चा का जवाब देंगे।
