आगरा रेल मंडल के 9 स्टेशनों पर एटीवीएम से यात्री ले सकेंगे टिकट
यात्रियों की सुविधा के लिए आगरा मंडल में 36 एटीवीएम मशीनें की गईं स्थापित
एटीवीएम मशीनों से टिकट खिडकी पर लगने वाली कतारों से मिलेगा छुटकारा
आगरा। रेल सफर करने वाले यात्रियों को स्मार्ट बनाने के लिए आगरा रेल मंडल के छोटे-बडे 9 प्रमुख स्टेशनों पर 36 एटीवीएम मशीनें स्थापित की गई हैं। इससे यात्रियों को टिकट विंडो पर लगने वाली लम्बी कतारों से छुटकारा मिल सकेगा और एटीवीएम में यात्री स्मार्ट कार्ड स्वाइप कराते ही निर्धारित गंतव्य तक सामान्य टिकट आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
रेलवे द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, सरल, त्वरित और पारदर्शी टिकटिंग सुविधा मुहैया कराने के लिए निरंतर आधुनिक तकनीकों को अपनाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल की अगुवाई और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता के निर्देशन में आगरा रेल मंडल के अंतर्गत स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) योजना को लागू किया गया है। इसके तहत आगरा रेल मंडल के छोटे- बडे 9 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 36 एटीवीएम मशीनें लगाई गई हैं। इनमें आगरा छावनी में 7, मथुरा जं० में 9, आगरा किला में 6,राजा की मंडी 4, धौलपुर स्टेशन पर 2,ईदगाह स्टेशन पर 2,कोसी कलां में 2,भूतेश्वर में 2,खेरली स्टेशन पर 2 एटीवीएम शामिल हैं। इन स्टेशनों का चयन यात्रियों की अधिक संख्या, क्षेत्रीय महत्व और परिचालन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है। ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को इस सुविधा का लाभ मिल सके।
उक्त स्टेशनों पर यात्रियों को एटीवीएम के उपयोग में सहयोग देने के लिए एटी वीएम फैसिलिटेटरों की भी तैनाती की गई है। फैसिलिटेटरों की उपलब्धता से यात्रियों को टिकट क्रय प्रक्रिया में सरलता प्राप्त होगी। इससे टिकट काउंटरों पर भीड़ कम होगी, प्रतीक्षा समय घटेगा और स्टेशन की कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित व सुचारु बनेगी।
इस पहल से वरिष्ठ नागरिकों, महिला यात्रियों, दिव्यांगजनों और डिजिटल तकनीक से कम परिचित यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा, जिन्हें मशीन के उपयोग में प्रत्यक्ष सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। आगरा रेल मंडल यात्रियों की सुविधा, सेवा और गुणवत्ता में सुधार के लिए आधुनिक तकनीकों के अधिकतम उपयोग निरंतर प्रयासरत है। भविष्य में भी आगरा मंडल द्वारा इस प्रकार की जनहितैषी, तकनीक-आधारित और नवोन्मेषी पहलों को आगे बढ़ाया जाता रहेगा, जिससे यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और संतोषजनक यात्रा अनुभव प्रदान किया जा सके।

