प्रादेशिक फल, शाकभाजी और पुष्प प्रदर्शनी में यूपी मेट्रो को मिला प्रथम पुरस्कार

0
37a81d1f-7693-4fe6-9275-61ef523471b3

6 गमलों के कलात्मक समूह के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए यूपी मेट्रो को मिला सम्मान

आगरा। जन भवन प्रांगण, लखनऊ में हुई तीन दिवसीय प्रादेशिक फल, शाकभाजी और पुष्प प्रदर्शनी 2026 में उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपी मेट्रो) को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रथम पुरस्कार श्री राज्यपाल चल बैजयन्ती प्रदान की गई। यूपी मेट्रो को यह पुरस्कार 2 भाग, 6 गमलों के कलात्मक समूह (केवल संस्थाओं द्वारा अनुरक्षित उद्यानों के लिए) श्रेणी में प्रदान किया गया है। इसमें संस्थान द्वारा प्रस्तुत आकर्षक, रचनात्मक और सुव्यवस्थित पुष्प सज्जा को निर्णायक मंडल और प्रदर्शनी समिति द्वारा सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया।

प्रदर्शनी के समापन समारोह में प्रदर्शनी समिति द्वारा यह पुरस्कार प्रदान किया गया। यह पुरस्कार यूपीएमआरसी की ओर से निदेशक (परिचालन) प्रशांत मिश्रा ने ग्रहण किया। इस दौरान अनेक गणमान्य अतिथि और अधिकारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है यूपी मेट्रो ने 6, 7 और 8 फरवरी 2026 को आयोजित प्रदर्शनी में संस्थान का स्टॉल लगाकर भाग लिया था। यूपी मेट्रो को पूर्व में भी इस प्रदर्शनी में अपनी उत्कृष्ट सहभागिता और रचनात्मक हॉर्टीकल्चर डिजाइन के लिए निरंतर सराहना मिलती रही है।

इससे पूर्व 6 फरवरी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने यूपीएमआरसी के स्टॉल का अवलोकन किया था। उन्होंने मेट्रो परियोजनाओं, हरित पहलों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली थी। पुष्पों से निर्मित भगवान गरुड़ की भव्य आकृति, यूपीएमआरसी लोगो और अन्य पुष्प आकृतियों की रचनात्मक प्रस्तुति की उन्होंने विशेष रूप से सराहना की।

मेट्रो सोवेनियर और टॉय ट्रेन रहे आकर्षण का केंद्र

इस बार यूपीएमआरसी के स्टॉल पर लखनऊ मेट्रो परियोजना की विशेषताओं के साथ-साथ ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर, कानपुर और आगरा मेट्रो परियोजनाओं में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी प्रदर्शित की गई। स्टॉल पर उपलब्ध मेट्रो सोवेनियर आइटम्स, टॉय ट्रेन और अन्य सामग्री को दर्शकों ने काफी पसंद किया। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहाकि प्रादेशिक पुष्प प्रदर्शनी में प्रथम पुरस्कार प्राप्त होना संस्थान के लिए गर्व का विषय है और यह दर्शाता है कि यूपी मेट्रो सार्वजनिक परिवहन के साथ-साथ हरित और सुंदर शहरी परिवेश के निर्माण के लिए भी निरंतर प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *