आगरा रेल मंडल में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस, शान से लहराया तिरंगा

0
f61b9cea-8a05-4dd5-99fe-a0997c99f674

रेलवे गोवर्धन स्टेडियम में मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने किया झंडारोहण, परेड की ली सलामी

देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए स्वयं को पुनः करें समर्पितः मंडल रेल प्रबंधक

उत्कृष्ट कार्य करने वाले 35 रेलकर्मियों को मण्डल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने किया पुरस्कृत

आगरा। रेलवे के गोवर्धन स्टेडियम प्रांगण में 77वां गणतंत्र दिवस आन-बान-शान से मनाया गया। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने ध्वजारोहण किया और रेलवे सुरक्षा परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज का संदेश पढ़कर सुनाया गया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मियों को सम्मानित किया गया।

झंडारोहण के बाद मंडल रेल प्रबंधक ने अपने सम्बोधन में कहाकि आज का दिन भारतीय इतिहास में अत्यंत गौरवपूर्ण और स्मरणीय है। 26 जनवरी 1950 को भारत ने अपना संविधान अंगीकार कर गणतंत्र के रूप में नवजीवन प्राप्त किया। यह दिन लगभग दो सौ वर्षों की दासता के विरुद्ध चले अथक स्वतंत्रता संग्राम का स्वर्णिम प्रतिफल है। इस स्वतंत्रता और गणतंत्र को प्राप्त करने के लिए हमारे देश के असंख्य वीर सपूतों और महापुरुषों ने अपने प्राणों की आहुति तक दे दी। हम सबका दायित्व है कि राष्ट्रीय ध्वज के नीचे खड़े होकर भारत गणतंत्र के प्रति अपनी निष्ठा दोहराएं और देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए स्वयं को पुनः समर्पित करें।

मंडल रेल प्रबंधक ने कहाकि सभी के सहयोग से आगरा मंडल में यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार हुआ है। उन्होंने कहाकि ट्रेनों के यात्रियों संग अपराधों की रोक थाम के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। चेन पुलिंग, अनाधिकृत वेंडरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ ही खोए हुए 154 बच्चों को उनके माता-पिता के सुपुर्द किया गया। वहीं सफर के दौरान महिला यात्रियों की सहायता और मदद के लिए मेरी सहेली अभियान के तहत अब तक कुल 55243 महिला यात्रियों को मदद की गई। इसके अलावा आगरा रेल मंडल में विभिन्न स्टेशनों पर कराए गए विकास कार्यों का लेखा-जोखा भी दिया गया।

 

मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत ईदगाह, फतेहाबाद, गवर्धन, गोविन्दगढ़- मंडावर का उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर सभी रेल कर्मियों को अपने कर्तव्य निर्वाहन के लिए उत्साहित किया गया। इस मौके पर सांस्कृतिक अकादमी आगरा छावनी, स्काउट एवं गाइडस ,महिला कल्याण संगठन के बच्चों द्वारा संस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। अधिकारियों द्वारा बच्चों को पुरस्कृत भी किया।

मण्डल रेल प्रबंधक ने आरपीएफ परेड़ में शामिल सभी टुकड़ियों को जहां सम्मानित किया गया। वहीं माइक संचालक कन्हैया लाल झा, सन्दीप त्रिपाठी, सोर्जेस यादव के अलावा तीन स्टाफ ग्रुप अवार्ड (इंजीरियरिंग), स्काउट एवं गाइड परेड टोली, हॉर्टिकल्चर विभाग (सतीश चन्द्र मीना) , जनसम्पर्क विभाग, प्रवीण कुमार मुख्य कर्मचारी निरीक्षक, विद्युत सामान्य विभाग, आरपीएफ (एस आई बी निरीक्षक) ग्रुप डी स्टाफ आशीष गुरानी, दीपेश पाल अजय कुमार को पुरस्कृत किया गया।

मण्डल रेल प्रबंधक ने मण्डल के सभी विभागों से उत्कृष्ट कार्य करने वाले 35 कर्मचारियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर अपर मंडल रेल प्रबंधक प्रनव कुमार, सभी शाखा अधिकारी, महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा ईशानी गोयल और महिला कल्याण संगठन की सदस्याओं ने बैनर के साथ तिरंगे गुब्बारे हवा में छोड़े। इसके बाद रेल सुरक्षा बल, स्काउट एंड गाइड और नागरिक सुरक्षा संगठन द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का मंडल रेल प्रबंधक द्वारा अवलोकन किया गया। इस दौरान मुख्य परियोजना प्रबंधक गति शक्ति एमपी सिंह, मुख्य परियोजना प्रबंधक निर्माण कमलेश कुमार और गणतन्त्र दिवस समारोह समीति के अध्यक्ष शैलेश कुमार वरिष्ठ मण्डल इंजीनियर (समन्वय) सहित सभी अधिकारी और महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, रेलवे यूनियन के पदाधिकारी और सदस्य आदि मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *