भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन संग सीएम योगी ने किए बांके बिहारी मंदिर के दर्शन, मंत्रोच्चार के बीच की पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री योगी और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने पीएम के मन की बात कार्यक्रम को भी सुना
मथुरा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को मथुरा स्थित बांके बिहारी मंदिर में दर्शन कर लोकमंगल की कामना की। आराध्य के चरणों में शीश नवाकर वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच दोनों ने पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नितिन नवीन ने ठाकुर बांके बिहारी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया और पुष्प अर्पित किए। बाद में वृंदावन के अक्षयपात्र में दोनों ने प्रधानमंत्री के मन की बात को सुना।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ठाकुर जी से प्रदेश की सुख-समृद्धि और विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए प्रार्थना की। इस दौरान मंदिर के सेवायतों ने उन्हें प्रसाद दिया। वहीं भाजपा अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने के बाद पहली बार उत्तर प्रदेश की धरती ब्रजभूमि पर पहुंचे नितिन नवीन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ आध्यात्मिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल हुए।
भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन संग मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ वृंदावन के अक्षयपात्र में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री ने पहली बार यूपी के दौरे पर पहुंचे भाजपा अध्यक्ष का ब्रज की धरा पर स्वागत- अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने राधे-राधे, वृंदावन बिहारी लाल, राधा रानी, यमुना मैया, हर-हर महादेव, जय श्रीराम, भारत माता की जय और वंदे मातरम की गूंज के साथ आध्यात्मिक व राष्ट्रवादी चेतना का संचार करते हुए अपने संबोधन की शुरुआत की। इस दौरान दोनों ने प्रधानमंत्री के मन की बात को सुना।
इस मौके पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चैधरी, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम भी उपस्थित रहे। बाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन मांट के विधायक राजेश चैधरी के आवास पहुंचे। विधायक की माता का हाल में निधन हो गया था। दोनों नेताओं ने उनकी माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर शोक व्यक्त किया और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।


