पुलिस लाइन पर दुश्मन का हुआ हवाई हमला, घायलों का किया रेस्क्यू, एम्बुलेंस से गंभीर घायलों को पहुंचाया अस्पताल

0
6e7407ee-0093-45a0-a58f-8bf63e7705ab

मौके पर दी फस्र्टएड, फायर ब्रिगेड की दमकलों ने बुझाई आग

मॉक ड्रिल और ब्लैकआउट अभ्यास का हुआ सफल आयोजन

सिविल डिफेंस, पुलिस जिला प्रशासन के अधिकारी रहे मौजूद

आगरा। पुलिस लाइन आगरा में शुक्रवार को हुए हवाई हमले से अफरा-तफरी मच गई। इसकी जानकारी होते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। दरअसल नजारा सिविल डिफेंस, पुलिस और प्रशासन ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से हवाई हमले से बचाव के लिए मॉक ड्रिल और ब्लैकआउट अभ्यास का था।

नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर पुलिस लाइन, आगरा में सिविल डिफेंस, पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा हवाई हमले से बचाव के लिए माॅक ड्रिल किया गया। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी और अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चैहान ने बताया कि यह अभ्यास नागरिकों, पुलिसकर्मियों, सिविल डिफेंस और प्रशासनिक अधिकारियों, विभागों की आपातकालीन स्थिति में तत्परता, विषम स्थिति से निपटने और सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में हवाई हमले जैसी आपदाओं से निपटने के लिए निरंतर प्रशिक्षण और ड्रिल आवश्यक है। आपातकालीन समय में रेस्क्यू, कम समय में तैयारी, आपातकाल की परिस्थितियों से निपटने, मानसिक रूप से तैयार रहने, सुरक्षा तैयारियों, जन जागरूकता, आपात स्थिति का सामना करने आदि की तैयारी का अभ्यास है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जरूरत पड़ने पर ब्लैकआउट नियमों और आपातकाल में प्रशासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। इसके लिए अन्य को भी प्रेरित करें।

मॉक ड्रिल अभ्यास के दौरान सिविल डिफेंस की टीम ने हवाई सायरन बजाकर सिमुलेटेड हवाई हमला घोषित किया। इसके पश्चात् ब्लैकआउट प्रक्रिया आरंभ हुई, जिसमें सभी लाइटें बंद कर दी गईं। प्रतिभागियों को अंधेरे में सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने का प्रशिक्षण दिया गया।

पुलिस बल ने परिधि सुरक्षा सुनिश्चित की, जबकि जिला प्रशासन की आपदा प्रबंधन टीम ने बचाव कार्य, स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से प्राथमिक उपचार और निकासी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। माॅक ड्रिल में पुलिसकर्मी, सिविल डिफेंस, स्वास्थ्य विभाग,स्वयंसेवक और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। मॉक ड्रिल के समापन पर जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी और अपर जिलाधिकारी (नगर) यमुनाधर चैहान ने मॉक ड्रिल में शामिल सभी विभागों की सराहना की। इस अभ्यास से सभी प्रतिभागियों को हवाई हमले की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने की क्षमता में वृद्धि हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *