अखिलेश के सौतेले भाई प्रतीक यादव पत्नी अपर्णा से लेंगे तलाक

0
b0c53d47-2afa-4e6a-9761-c2d8bef040ef

इंस्टाग्राम पर लिखा, स्वार्थी महिला ने मेरा परिवार कर दिया बर्बाद

लखनऊ। सूबे के सबसे बड़े सियासी परिवार में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव ने अपनी पत्नी अपर्णा यादव से तलाक लेने का ऐलान किया है। प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर दावा किया कि वह जल्द ही इस स्वार्थी महिला से तलाक लेंगे।

प्रतीक यादव ने सोमवार सुबह अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर किए गए पोस्ट में अपर्णा से तलाक की बात कही। इस पोस्ट को देखकर हर कोई हैरान रह गया। प्रतीक यादव ने लिखा- मैं इस मतलबी औरत को जल्द से जल्द तलाक देने जा रहा हूं, उसने मेरे परिवार के रिश्ते खराब कर दिए। वह बस मशहूर और असरदार बनना चाहती है।

उन्होंने कहाकि अभी मेरी मेंटल हेल्थ बहुत खराब है और उसे कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि उसे सिर्फ अपनी ही चिंता है। मैंने इतनी बुरी औरत कभी नहीं देखी और मैं बदकिस्मत था कि मेरी शादी उससे हुई। इस पोस्ट के बाद यूपी की सियासी हलचल तेज हो गई। लोग इसको लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। इस मामले पर अभी तक प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई हैं। हालांकि अपर्णा के भाई ने इस पर सफाई जरूर दी। उन्होंने कहाकि प्रतीक यादव के अकाउंट को हैक कर लिया गया हैं। जल्द ही इस पर दोनों की प्रतिक्रिया सामने आएगी।

उल्लेखनीय है कि अपर्णा यादव मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की पत्नी है। साल 2022 में उन्होंने भाजपा ज्वाइन की थी, जिसके बाद से ही वो अक्सर सुर्खियों में रही हैं। अपर्णा यादव इस समय यूपी राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष भी हैं। दोनों की शादी 4 नवंबर 2011 को हुई थी। उनकी दो बेटियां हैं।

अपर्णा पति प्रतीक के साथ लखनऊ में विक्रमादित्य मार्ग में रहतीं हैं। हालांकि, सोमवार को अपर्णा चेन्नई गई हुईं थीं, जबकि प्रतीक विदेश में थे। दोनों ही लखनऊ में नही हैं। अपर्णा इस वक्त भाजपा में हैं, और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। 38 वर्षीय प्रतीक ने 36 वर्षीय अपर्णा से 14 साल पहले लव मैरिज की थी। प्रतीक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे हैं। यानी अखिलेश यादव के सौतेले भाई। अपर्णा ने 2022 विधानसभा चुनाव से पहले अचानक सपा छोड़कर भाजपा ज्वाॅइन की थी।

अचानक तलाक की नौबत कैसे आई?

पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक प्रतीक ने खुलेआम तलाक का ऐलान जरूर किया लेकिन, दोनों के रिश्तों में खटास 3 साल पहले यानी 2022 से आ गई थी, जब प्रतीक की मर्जी के खिलाफ अपर्णा ने अचानक भाजपा ज्वाॅइन कर ली थी। प्रतीक ने 5 फरवरी 2025 को भी अपर्णा के खिलाफ सोशल मीडिया पर 3 पोस्ट किए थे, लेकिन बाद में उसे डिलीट कर दिया। उन्होंने लिखा था कि अपर्णा ने उनकी जिंदगी नरक बना दी। सबूत के साथ सभी को इस बारे में बताएंगे।

अपर्णा ने मेरी जिंदगी नरक बना दी

अपर्णा की सच्चाई और अतीत मेरे अलावा कोई नहीं जानता। इसका साथ मत दीजिए। ये जो भी करती है पैसे और पावर के लिए करती है। अपर्णा का परिवार मूल रूप से उत्तराखंड का रहने वाला है। शादी से पहले उनका नाम अपर्णा बिष्ट था। शादी के बाद अपर्णा बिष्ट यादव रख लिया। अपर्णा के पिता जर्नलिस्ट थे, बाद में राज्य सूचना आयुक्त बने। जबकि मां अम्बी बिष्ट लखनऊ विकास प्राधिकरण में संपत्ति अधिकारी रहीं हैं। अब माता-पिता दोनों रिटायर हो चुके हैं। प्रतीक मुलायम सिंह की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के इकलौते बेटे हैं। साधना गुप्ता नर्स थीं। मुलायम सिंह ने सार्वजनिक तौर पर प्रतीक को अपना बेटा माना था। हालांकि, राजनीतिक उत्तराधिकारी अखिलेश यादव को बनाया। अखिलेश, मुलायम की पहली पत्नी मालती देवी के इकलौते बेटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *