एटा में सनसनीखेज वारदातःघर में घुसकर चार लोगों का कत्ल, फैली दहशत
घर के अंदर वृद्ध दम्पत्ति, पुत्रवधू और नातिन की मिलीं खून से सनी लाशें
एटा। जनपद एटा के कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला नगला प्रेमी में सोमवार को दिनदहाड़े घर में घुसकर किए गए हमले में चार लोगों की मौत हो गई। हमले में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चैथे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड दिया। एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या की सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। मौके पर तमाम लोगों की भीड जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है।
मोहल्ला नगला प्रेमी निवासी 15 वर्षीय गंगा सिंह के घर में सोमवार को जानलेवा हमला किया गया। दिनदहाड़े घर में घुसकर चार लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया। हमले में गंगा सिंह, उनकी पत्नी 70 वर्षीय श्यामा देवी, पुत्रवधू 42 वर्षीय रत्ना और नातिन 20 वर्षीय ज्योति की मौत हो गई। खून से सने शव बेड और फर्श पर पड़े थे। श्याम देवी का सिर फटा हुआ था। अन्य शव भी खून से लथपथ थे। आशंका जताई जा रही है कि धारदार हथियार से चार लोगों की हत्या की गई है। दिनदहाड़े चार लोगों की हत्या से क्षेत्र में दहशत फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर इलाका पुलिस के साथ ही आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम और डाॅग स्क्वायड भी मौके पर जांच में जुटे हैं।
हत्या की वारदात की जानकारी तब हुई जब गंगा सिंह का 10 वर्षीय नाती देवांश सोमवार को स्कूल से वापस लौटा। उसने घर का दरवाजा खटखटाया तो कोई आवाज नहीं आई। वह गेट खोलकर अंदर गया। जहां का नजारा देख उसकी चीख निकल गई। घर के सामने वाले कमरे में बाबा गंगा सिंह शाक्य मृत अवस्था में पड़े थे। वहीं दादी श्यामा देवी, मां रत्ना और बड़ी बहन ज्योति पहली मंजिल पर खून से लथपथ पड़े हुए थे। उसने बाहर आकर गली में बैठे हुए लोगों को बताया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर जब पुलिस पहुंची तो श्यामा देवी की सांसें चल रही थीं। पुलिस श्यामा देवी को तत्काल मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर पहुंची। जहां उपचार के कुछ देर बाद उनकी भी मौत हो गई।
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेता पांडे ने बताया कि घटनास्थल पर कोतवाली नगर पुलिस के अलावा डॉग स्क्वाड, फोरेंसिक टीम व अन्य थानों का पुलिस बल भी बुलाया गया। घटना की गहनता के साथ छानबीन की जा रही है। पुलिस की टीम मोहल्ले में आसपास के घरों में लगे हुए सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है।


