संवाद के जरिए राज्य कर विभाग ने जीएसटी सुधारों की दी जानकारी
व्यापारियों के हितों को सशक्त बनाने की दिशा में सरकार का संवादात्मक प्रयास
मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने व्यापारी संवाद कार्यक्रम को किया संबोधित
आगरा। राज्य कर विभाग जयपुर हाउस के सभागार में शनिवार को अपर आयुक्त राज्यकर पंकज गांधी की अध्यक्षता में व्यापारी संवाद का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह रहे। इस दौरान राज्यकर विभाग की ओर से जीएसटी सुधारों और योजनाओं की जानकारी दी गई।
व्यापारी संवाद कार्यक्रम में राज्य कर विभाग की प्राथमिकता राजस्व संग्रह के साथ -साथ प्रदेश के व्यापारियों को जीएसटी की विधिक व्यवस्थाओं के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही इसके क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का समाधान के लिए व्यापारिक गतिविधियों के प्रोत्साहन, पंजीयन बेस और राजस्व वृद्धि के साथ ही स्थानीय स्तर पर जीएसटी 2.0 सुधारों के प्रति जागरूक किया गया।
मुख्य अतिथि मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने सरकार के कल्याणकारी कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहाकि सरकार समाज के सभी वर्गो के कल्याण के प्रति संकल्पित है और जीएसटी सुधारों से अन्तिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहती है। करों का सरलीकरण न केवल आम आदमी को राहत पहुंचायेगा, अपितु करों के आधार में भी वृद्धि करेगा, जिससे राज्य व केन्द्र सरकारों को अधिकाधिक राजस्व की प्राप्ति होगी। राज्य कर विभाग के जोनल अपर आयुक्त पंकज गांधी ने व्यापारियों और अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने जीएसटी सुधारों की महत्वपूर्ण जानकारियों देते हुए बताया कि मुख्यतः 5, 12, 18 व 28 प्रतिशत की कर दरों के चार स्लैब की व्यवस्था को 5 व 12 प्रतिशत की दो करों की व्यवस्था में परिवर्तित किया गया है। आम जीवन से अनेक वस्तुओं को करमुक्त किया गया है। ताकि आम आदमी को राहत मिले और श्रम प्रधान उद्यमों को प्रतिस्पर्धी बनाया जाए। करों की कमी से घरेलू बचत प्रोत्साहित हो और आम आदमी अपने उपभोग पर अधिक खर्च कर सकें।
संयुक्त आयुक्त प्रमोद कुमार दुबे और सहायक आयुक्त आलोक कुमार यादव द्वारा जीएसटी प्रावधानों पर पावर पाइन्ट प्रस्तुति कर बदलावों से व्यापारियों को बताया गया। राज्य कर मुख्यालय लखनऊ से पर्यवेक्षक के रूप में आईं संयुक्त आयुक्त आरती ने व्यापारियों की समस्याओं को सुना और उन्हें सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस दौरान अपर आयुक्त अंजनी कुमार अग्रवाल, संयुक्त आयुक्त प्रमोद कुमार दुबे और बीडी शुक्ला द्वारा प्रवर्तन और अन्य से संबंधित समस्याओं पर विभाग की तरफ से पक्ष रखा गया।
इस मौके पर व्यापार संगठनों के पदाधिकारियों में आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल, जय पुरसनानी, पंकज अग्रवाल, दि शू फैक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय कुमार सामा, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष विजय गुप्ता, निखिल गुप्ता, सीए ब्रान्च आगरा के चेयरमैन, गौरव सिंघल, फेडरेशन ऑफ ऑल इण्डिया के बृजेश पंडित, ईट भट्ठा एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह, शशी रंजन, टैक्शेसन बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अक्षय कुलश्रेष्ठ, संजीव वशिष्ठ आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयोजन गुलाब चन्द्र, अपर आयुक्त, अजीत कुमार सिंह और गोपाल तिवारी, संयुक्त आयुक्त और मृत्युजंय कुमार सिंह उपायुक्त द्वारा किया गया। संचालन जितेन्द्र कुमार द्वारा किया गया।




