आगरा रेल मंडल में कुलियों के पारिश्रमिक शुल्क में संशोधन
आगरा कैंट, आगरा फोर्ट, मथुरा जंक्शन, ईदगाह, अछनेरा और राजामंडी स्टेशनों पर लागू होंगी संशोधित दरें
आगरा। मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के निर्देशन में यात्रियों की सुविधा, पारदर्शिता के साथ लाइसेंस प्राप्त कुलियों (पोर्टरों) की सेवाओं को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से कुलियों के पारिश्रमिक शुल्क में संशोधन किया गया है। यह संशोधित दरें आगरा कैंट, आगरा किला, मथुरा जंक्शन, ईदगाह जंक्शन, अछनेरा और राजा की मंडी रेलवे स्टेशनों पर लागू होंगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की कि वे केवल लाइसेंस प्राप्त कुलियों की ही सेवाएं लें। निर्धारित दरों के अनुसार ही भुगतान करें। अधिक वसूली, दुव्र्यवहार अथवा किसी भी प्रकार की असुविधा की हालत में तत्काल संबंधित स्टेशन प्रबंधन, स्टेशन मास्टर अथवा रेलवे सहायता हेल्पलाइन से संपर्क करें। रेल प्रशासन यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सुचारू रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
यह है संशोधित पारिश्रमिक शुल्क
1-40 किलोग्राम तक वजन (सिर पर भार), प्रति फेरा 80 रुपये।
(30 मिनट तक प्रतीक्षा निःशुल्क, इसके बाद प्रत्येक 30 मिनट अथवा उसके भाग के लिए देय प्रभार 80 रुपये)
2-दो पहिया ट्रॉली (अनुमानित वजन 120 किलोग्राम तक), प्रति फेरा 130 रुपये।
3-चार पहिया ट्रॉली (अनुमानित वजन 120 से 160 किलोग्राम तक) प्रति फेरा 150 रुपये।
4-बीमार अथवा दिव्यांग यात्री को कुर्सी-स्ट्रेचर पर 2 लाइसेंस प्राप्त पोर्टर-सहायक द्वारा ले जाने पर 130 रुपये।
5-बीमार अथवा दिव्यांग यात्री को कुर्सी-स्ट्रेचर पर 4 लाइसेंस प्राप्त पोर्टर-सहायक द्वारा ले जाने पर 210 रुपये।
नोटःक्रम संख्या 2 से 5 के मामलों में 30 मिनट तक प्रतीक्षा निःशुल्क होगी। इसके उपरांत प्रत्येक 30 मिनट अथवा उसके भाग के लिए अतिरिक्त प्रभार 80 रुपये देय होगा। (इस अवधि में कम से कम 1 लाइसेंस प्राप्त पोर्टर-सहायक का यात्री के पास रुकना अनिवार्य होगा) ।
