सडक हादसों में कैसे लगे लगाम, गोष्ठी में की चर्चा
एडिशनल सीपी राम बदन ने गोष्ठी में दिए निर्देश
गोष्ठी में पुलिस के सभी अधिकारी भी रहे शामिल
आगरा। सडक सुरक्षा और यातायात नियमों का सख्ती के पालन कराना जरूरी है। सडक हादसों को रोकने के लिए सभी मिलकर प्रयास किए जाएं। हर व्यक्ति की जान महत्वपूर्ण है। हेलमेट और शीट बेल्ट का सख्ती से पालन कराया जाए। शराब पीकर वाहन चलाने वालों और यातायात नियमों का उल्लंधन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। यह हिदायत सोमवार को एडिशनल सीपी आगरा राम बदन सिंह ने सभी सहायक पुलिस आयुक्तों को गोष्ठी में दिए।
पुलिस कार्यालय में कमिश्नरेट आगरा की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारू, सुरक्षित और प्रभावी बनाए जाने और सड़क हादसों की रोकथाम के लिए सोमवार को पुलिस उपायुक्त यातायात, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात और सहायक पुलिस आयुक्तों के साथ गोष्ठी की। गोष्ठी में चैराहों, व्यस्त मार्गों, विद्यालयों और बाजार क्षेत्रों में यातायात प्रबंधन, अवैध पार्किंग पर सख्त कार्यवाही, यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन कराए जाने पर बल दिया गया। साथ ही जनजागरूकता अभियानों को और तेज किए जाने पर जोर दिया गया। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि फील्ड स्तर पर सतत निगरानी रखते हुए सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ठोस, समन्वित और परिणामोन्मुखी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

