औपनिवेशिक मानसिकता से रेलवे को पूरी तरह मुक्त करना प्राथमिकताः वैष्णव
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 101 रेलवे अधिकारियों को अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार से नवाजा
समारोह में विभिन्न श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 26 जोनों को प्रदान की गई शील्ड
पीएम मोदी के 2047 के विकसित भारत के सपने को पूरा करने में योगदान को रेलकार्मियों को दिलाए संकल्प
रेलवे के सभी कर्मचारी में नवाचार को अपनाएं, सुधारों, नई सोच और तकनीक को बढ़ावा देने पर दिया जोर
नई दिल्ली। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित यशोभूमि में 101 रेल अधिकारियों को 70वें अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार और विभिन्न श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 26 जोन को शील्ड प्रदान की। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने भारतीय रेल के विद्युतीकरण के 100 वर्ष पूर्ण होने पर डाक टिकट भी जारी किया।
समारोह को सम्बोधित करते हुए रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने सभी पुरस्कार विजेताओं को उनके असाधारण कार्यों और प्रयासों की बधाई दी। उन्होंने पिछले एक दशक में भारतीय रेल में हुई परिवर्तनकारी प्रगति को रेखांकित करते हुए रेलवे में संरक्षा, रिफॉर्म, नवाचार पर बल दिया। साथ ही रेलवे से औपनिवेशिक मानसिकता को पूरी तरह से खत्म करने पर जोर दिया।
रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और सीईओ सतीश कुमार ने भारत में रेल यात्रियों को विश्व स्तरीय यात्रा के अनुभव के साथ-साथ किफायती रेल सेवाएं प्रदान करने की भारतीय रेल की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। नई दिल्ली में यशोभूमि में सभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष रेलवे बोर्ड ने कहाकि गति, आराम और सुरक्षा के सिद्धांतों में उत्कृष्टता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहाकि हम यात्री अनुभव को बेहतर बनाने के लिए अत्याधुनिक तकनीक को शामिल कर रहे हैं। उन्होंने सभी पुरस्कृत अधिकारियों, कर्मचारियों की प्रशंसा की और बधाई दी।
भारतीय रेल द्वारा हर साल अपने कर्मचारियों को अति विशिष्ट रेल पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। ये पुरस्कार दो श्रेणियों में प्रदान किए जाते हैं। इनमें व्यक्तिगत पुरस्कार, साथ ही सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले रेलवे जोन को शील्ड प्रदान की जाती है। व्यक्तिगत पुरस्कार भारतीय रेल को अधिक कुशल, सुरक्षित और यात्री-अनुकूल संगठन बनाने की दिशा में रेल कर्मियों के समर्पण, कड़ी मेहनत और असाधारण योगदान की सराहना करने और जश्न मनाने के मंच का कार्य करते हैं। विभिन्न श्रेणियों में शील्ड पुरस्कार भारतीय रेल के समग्र प्रदर्शन में उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों और योगदान की प्रशंसा करते हुए प्रदान किए जाते हैं। समारोह में रेलवे बोर्ड के सदस्यों के अलावा विभिन्न रेल मंडलों और उत्पादन इकाइयों के महाप्रबंधक भी मौजूद रहे।
