सांसद नवीन जैन के प्रयास लाए रंग, रायपुर-जबलपुर एक्सप्रेस का नाम बदलकर मूकमाटी एक्सप्रेस किया गया
आगरा। उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद नवीन जैन के प्रयासों से रायपुर-जबलपुर के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 11701/11702 रायपुर-जबलपुर एक्सप्रेस का नाम बदलकर अब मूकमाटी एक्सप्रेस कर दिया गया है। इस संबंध में रेलवे बोर्ड द्वारा 7 जनवरी को आधिकारिक आदेश जारी किया गया।
रेलवे बोर्ड के आदेश संख्या 2026/सीएचजी 36/01 के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर और पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर को नाम परिवर्तन सुनिश्चित करने और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि सांसद नवीन जैन ने 1 अक्टूबर 2025 को रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से भेंट कर एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा था। इसमें उन्होंने राष्ट्र संत पूज्य 108 आचार्य श्री विद्यासागर महाराज की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए उक्त ट्रेन का नाम मूकमाटी रखने की मांग रखी थी। यह मांग देश के विभिन्न राज्यों से उठी जनभावनाओं से जुड़ी थी, जिसे रेलवे मंत्रालय ने स्वीकार किया।
इस निर्णय से जैन समाज सहित श्रद्धालुओं में हर्ष और संतोष का वातावरण है। सांसद नवीन जैन के इस प्रयास को व्यापक सराहना मिल रही है। जैन समाज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया गया है।


