वृंदावन में आरएसएस की बैठकः संघ प्रमुख से मिलने आ सकते हैं सीएम योगी

0
Mathura-news-(5)-1767549264878

कडी सुरक्षा में शुरू हुई बैठक, संघ के 100 वर्ष पूरे होने पर होंगे कार्यक्रम

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन में आरएसएस की अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक चल रही है। बैठक को लेकर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। बैठक की अध्यक्षता संघ प्रमुख मोहन भागवत कर रहे हैं। उनसे मिलने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी वृंदावन आ सकते हैं।

वृंदावन के केशव धाम में सोमवार से अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक जारी है। इससे पहले रविवार को आरएसएस के केंद्रीय पदाधिकारी संघ प्रमुख मोहन भागवत से मिले। परिचय बैठक के दौरान पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की वर्तमान परिस्थितियों के साथ बैठक के विषयों पर मंथन किया। संगठन के 100 वर्ष पूरे होने पर गांव-गांव सभाएं आयोजित कर लोगों को जोड़ने का कार्य किया जाएगा।

रविवार सुबह करीब सवा सात बजे संघ प्रमुख मोहन भागवत केशव धाम पहुंचे। यहां उनका संघ के पदाधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद परिचय बैठक हुई। इसमें संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले, सह कार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, आलोक कुमार, मनमोहन वैद्य सहित केंद्रीय पदाधिकारियों ने संघ प्रमुख से मुलाकात की। इस देश के वर्तमान हालात के साथ बांग्लादेश में हिंसक घटनाओं पर चर्चा की गई।

सूत्रों के अनुसार केंद्रीय पदाधिकारियों की बैठक में संघ के 100 वर्ष पूरे होने पर देश के लोगों को अधिक से अधिक जोड़कर उन्हें संघ के बारे में बताने, लोगों में समरसता का भाव लेने के लिए गांव-गांव सभाएं आयोजित करने, 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव, पश्चिम बंगाल के हालात, प्रदेशों में हो रहे पलायन और इसे रोकने के लिए रूपरेखा तैयार करने पर मंथन किया जा रहा है। इसके साथ ही संगठनात्मक दृष्टिकोण पर भी गहन चर्चा की जाएगी।

केशव धाम पर कड़ा पहरा

केशव धाम में अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले ही कड़ा सुरक्षा घेरा बनाया गया है। केशव धाम मार्ग पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। केशव धाम के गेटों और चहारदीवारी पर परदे लगा दिए हैं। वहां आम लोगों के आवागमन पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। वहीं केशव धाम के गेटों पर पुलिस बल एवं संघ के स्वयंसेवकों और कर्मचारियों की मेटल डिटेक्टर से चेक कर प्रवेश दिया जा रहा है। लोगों के सामान को भी खुलवा कर देखा जा रहा है। आम लोगों के साथ ही भाजपाइयों को भी केशव धाम में प्रवेश की अनुमति नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *