आगरा के एत्मादपुर में दिखा तेंदुआ, फैली दहशत!

0
6eaa55ae-ad98-49b7-b3fd-ce3e8cfe5260

गढी सहजा के बाद अब गढी जस्सा में दिखा तेंदुआ

सीसीटीवी कैमरे में आया नजर, लोग घरों में हुए कैद

विधायक डाॅ. धर्मपाल ने वन विभाग के अधिकारियों से की बात

आगरा। एत्मादपुर थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी सहजा के बाद अब गांव गढ़ी जस्सा के आसपास तेंदुआ देखे जाने पर ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम कार्रवाई में जुटी हैं। विधायक ने भी गांव में पहुच वन विभाग से जानकारी ली।

गौरतलब है कि चार दिन पहले गांव गढ़ी सहजा के पातीराम डिग्री कॉलेज के पास आलू के खेत में पानी लगाते समय किसान गुड्डू पर खेत में बैठे जानवर ने हमला कर घायल कर दिया था। शोर मचाने पर पास में ही आलू के खेतों में पानी लगा रहे अन्य किसान दौड़ कर पहुंचे, लेकिन तब तक जानवर भागकर कहीं छिप गया। घायल को उपचार के लिए भर्ती कराया गया।

इस घटना की दहशत से ग्रामीण उबर भी नहीं पाए थे कि शुक्रवार की रात गांव गढ़ी जस्सा में सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग में ग्रामीणों ने तेंदुआ देखा, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीण घरों में ही कैद हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम व पुलिस रात भर उसे खोजने में लगी रही। क्षेत्रीय विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह भी गांव गढ़ी जस्सा पहुंचे। वन विभाग के अधिकारियों को जानवर पकड़ने के लिए पिंजरा लगवाने की बात कही।

ग्राम प्रधान पति रिंकू सेठ ने बताया रात 10 बजे गांव गढ़ी जस्सा के रामकुमार के घर लगे सीसीटीवी कैमरों में तेंदुआ दिख रहा है। वन विभाग के महेंद्र सिंह ने बताया जानवर को पकड़े के लिए पिंजरा लगाया जा रहा है, अभी तक तेंदुए की पुष्टि नहीं हो पा रही है। किसी ग्रामीण ने देखने की भी पुष्टि नहीं की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *