महामना की विचार‑धारा के यज्ञ में सहभागी बनेगा आगरा संभाग
दिल्ली में 25 दिसम्बर को पं. मदन मोहन मालवीय वाड्मय का होगा लोकार्पण
आगरा से भी बडी संख्या में महामना मालवीय मिशन से जुडे लोग होंगे शामिल
आगरा। भारत रत्न, राष्ट्रऋषि पं. मदन मोहन मालवीय के अमर विचारों, राष्ट्र सेवा और सांस्कृतिक चेतना को अक्षुण्ण रूप में भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए संकलित “पं. मदन मोहन मालवीय सम्पूर्ण वाङ्मय (अंतिम श्रृंखला 12 खण्ड) का लोकार्पण समारोह गुरुवार 25 दिसम्बर को अपरान्ह 3 बजे, भारत मंडपम, ऑडिटोरियम नई दिल्ली में किया जा रहा है।
महामना मालवीय मिशन और सूचना-प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के प्रकाशन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हो रहे समारोह के मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन होंगे। इस मौके पर महामना मालवीय मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरि शंकर सिंह और राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वेद प्रकाश सिंह भी मौजूद रहेंगे। इस समारोह में आगरा संभाग से बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्पित सदस्य भाग लेंगे। आगरा संभाग का प्रतिनिधित्व महामना वाङ्मय समिति के राष्ट्रीय सदस्य और महासचिव आगरा संभाग राकेश शुक्ला, अध्यक्ष आगरा संभाग ह्र्देश यादव करेंगे।
महामना मदन मोहन मालवीय का जीवन भारतीय संस्कृति, शिक्षा, राष्ट्रभक्ति और नैतिक मूल्यों का प्रेरक प्रकाश स्तम्भ है। उनका सम्पूर्ण वाङ्मय भारतीय चेतना की अमूल्य धरोहर है, जो समाज को सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण के पथ पर अग्रसर करता है। इस लोकार्पण समारोह के माध्यम से महामना मालवीय जी की विचारधारा का जन‑जन तक पहुंचाने का पुण्य संकल्प साकार हो रहा है।


