पंचायत से लेकर पालिर्यामेंट तक लहराएगा भगवाः नितिन नबीन
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष ने राहुल गांधी को बताया पार्ट टाइम पॉलिटिशियन
बोले- राजनीति में कोई शॉर्टकट नहीं, बिहार की जीत बंगाल, करेल तक जाएगी
पटना। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पार्ट टाइम राजनेता बताते हुए कहाकि वे केवल चुनाव के दौरान ही राज्य दौरे पर आते हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद बिहार के अपने पहले दौरे पर नितिन ने कहाकि राहुल गांधी जैसे अंशकालिक राजनीतिक नेता चुनाव के दौरान बिहार आते हैं और चुनाव खत्म होते ही विदेश चले जाते हैं। उन्होंने आगे कहाकि राजनीति में कोई शॉर्टकट नहीं होता। दीर्घकालिक सफलता के लिए धैर्य और प्रतिबद्धता के साथ काम करना पड़ता है। हम जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे और बिहार का विकास करेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने 15 दिसंबर को नई दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद मंगलवार को पटना में रोड शो किया। उन्होंने कहाकि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जर्मनी की हालिया यात्रा के दौरान भारत का अपमान किया। रोड शो पटना हवाई अड्डे के पास अरण्य भवन से शुरू हुआ और बिरचंद पटेल मार्ग स्थित राज्य भाजपा मुख्यालय के नजदीक मिलर हाई स्कूल के मैदान में समाप्त हुआ। नबीन एक फूल से सजी गाड़ी पर खड़े थे, जिस पर भाजपा के चुनाव चिन्ह कमल के कटआउट लगे थे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चैधरी, विजय कुमार सिन्हा और बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी भी थे।
नवीन ने कहाकि पाटलीपुत्र की इस भूमि ने हमेशा नई ऊर्जा को नई क्रांति दी है। आज उस पर पार्टी ने और हमारे नेता लोकप्रिय यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित सभी शीर्ष नेतृत्व ने जो बिहार पर भरोसा किया है, मुझ पर भरोसा किया है, मैं सर्वप्रथम पूरे शीर्ष नेतृत्व को इस मंच से बहुत-बहुत आभार व्यक्त करता हूं।
उन्होंने कहाकि पीएम नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के करिश्माई नेतृत्व ने बिहार में जो परचम लहराया, उस जीत के प्रकाश से बिहार आगे बढ़ रहा है। इस जीत का ही नतीजा है कि जो अभी अन्य राज्यों में चुनाव हुए हैं, चाहे महाराष्ट्र का चुनाव हो, चाहे अरुणाचल का चुनाव हो, गोवा का चुनाव हो… उन सभी चुनावों में भाजपा का परचम लहरा रहा है। अब ये जीत बंगाल से लेकर केरल तक जाएगी, भगवा हर जगह लहराएगा। उन्होंने कहा कि मैं हमेशा कहता हूं कि राजनीति में शॉर्ट-कट के लिए कोई जगह नहीं है, राजनीति लॉन्ग रन का काम है। इसलिए धैर्यपूर्वक काम करिए, निश्चित रूप से भाजपा आपको बूथ से उठाकर केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचा देगी। आप बस अपने काम पर विश्वास कीजिए।
उन्होंने कहाकि जिस तरह बिहार से हमें मैंडेट मिला है, तो हमारी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। ये जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का समय है। इसलिए हम सभी को मेहनत करनी पड़ेगी। उन्होंने साफ तौर पर कहाकि पंचायत से पार्लियामेंट तक हमें परचम लहराना है। इसलिए बिहार के पंचायत चुनाव के लिए हमें अभी से ही लग जाना है और बिहार को विकसित बिहार बनाना है। उन्होंने कहाकि एक राहुल बाबा हैं, जो जर्मनी की जमीन पर जाकर देश को अपमानित कर रहे हैं। उनकी एक प्रथा है देश में रहेंगे तो देश के संविधान को गाली देंगे, चुनाव आयोग को गाली देंगे और जब देश के बाहर जाते हैं तो देश को ही गाली देते हैं। अब ऐसे लोगों को सजा देने का समय आ गया है और बिहार ने ऐसे लोगों को सजा देने का काम किया है।
