स्कूल बस चालक की लापरवाही ने छीन ली यूकेजी के छात्र की जान, परिजनों में मचा कोहराम

0
chhatara-ka-fail-fata_e34dfc5e5285c52b2190648d8b91dea4

जिस स्कूल बस से उतरा छात्र, उसी ने कुचल दिया

बस के पहिये के नीचे खून से सना मिला मासूम छात्र

आगरा। जगनेर थाना क्षेत्र में एक स्कूल बस चालक की लापरवाही ने पांच वर्षीय छात्र की जान ले ली। बच्चा जैसे ही बस से उतरा चालक से बस को आगे बढा दिया। मासूम छात्र बस के पहिए की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं हादसे के बाद स्कूल में बस खड़ी करके चालक भाग निकला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जगनेर थाना क्षेत्र के दहगमा गांव निवासी इंद्रपाल ने पुलिस को बताया कि उनका 5 वर्षीय पुत्र सौरभ सरेंधी स्थित एक निजी स्कूल में यूकेजी में पढ़ता था। घर से करीब 8 किलोमीटर दूर स्कूल बस से आता-जाता था। सोमवार दोपहर स्कूल से छुट्टी होने के बाद बस उसे घर छोड़ने आई थी। बस से उतरने के बाद वह पैदल घर की तरफ आने लगा। इसी दौरान चालक ने लापरवाही बरतते हुए बस को आगे बढ़ा दिया। सौरभ बस के पहिये की चपेट में आ गया। घायल सौरभ को लेकर परिजन सीएचसी पहुंचे, जहां पर डॉक्टर ने सौरभ को मृत घोषित कर दिया।

बच्चे की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। पिता का आरोप है कि बस चालक की लापरवाही से सौरभ की जान गई है। सूचना पर जगनेर पुलिस ने सीएचसी पहुंचकर बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। परिजनों ने बताया कि सौरभ दो भाइयों में छोटा था। पिता इंद्रपाल खेती करते हैं। पिता ने हादसे से एक दिन पहले ही सौरभ का जन्मदिन घर पर मनाया था। थाना प्रभारी जगनेर ने बताया हादसे की जांच की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *