टी-20 वल्र्ड कपः सूर्या कप्तान, ईशान की वापसी, शुभमन बाहर
अगरकर बोले, गिल रन नहीं बना पा रहे, टी- 20 वल्र्ड कप के लिए भारतीय टीम का एलान
मुंबई। टी.20 वल्र्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का एलान कर दिया गया है। मुंबई के बीसीसीआई हेडक्वार्टर में शनिवार को सचिव देवजीत सैकिया ने चीफ सिलेक्टर अजित अगरकर और कप्तान सूर्यकुमार यादव की मौजूदगी में स्क्वॉड की घोषणा की।
टीम में अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाया गया है। जबकि शुभमन गिल को टीम से बाहर कर दिया गया है। विकेट कीपर संजू सैमसन को स्क्वॉड में शामिल किया गया है। इसके अलावा ईशान किशन और रिंकू सिंह को भी टीम में मौका मिला है। चीफ सिलेक्टर अजित अगरकर ने कहाकि गिल इस समय रन नहीं बना पा रहे हैं। वह पिछले वल्र्ड कप में भी नहीं खेले थे। हम जानते हैं कि वह कितने अच्छे खिलाड़ी हैं। शायद अभी थोड़े रन कम बना रहे हैं। उन्हें पिछले वल्र्ड कप में भी मौका नहीं मिला था। यह दुर्भाग्यपूर्ण था।
वहीं, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने गिल का चयन न होने पर कहाकि गिल को खराब फॉर्म की वजह से ड्रॉप नहीं किया गया गया है। ऐसा टीम कॉम्बिनेशन की वजह से हुआ है। हम टॉप ऑर्डर में एक विकेटकीपर चाहते थे। उनकी काबिलियत पर कोई शक की बात नहीं है। वो एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। टीम को रिंकू सिंह और वाशिंगटन सुंदर की भी जरूरत थी।
यह टीम वल्र्ड कप से पहले 21 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू हो रही 5 टी.20 मैचों की सीरीज खेलेगी। टी.20 वल्र्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान और नीदरलैंड मैच से होगी। इसी दिन भारत वानखेड़े स्टेडियम में यूएसए से अपना पहला मैच खेलेगा। फाइनल 8 मार्च 2026 को खेला जाएगा। इसका वेन्यू बाद में तय होगा।
