अखिलेश का एलान यूपी में सरकार बनी तो देंगे महिलाओं को 40-40 हजार

0
d887bd53-252c-4ecd-8210-da85644e7d7a

बिहार से अखिलेश यादव ने ली सीख, यूपी के लिए कर दिया बड़ा एलान

लखनऊ। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने आगामी 2027 के चुनावों को लेकर बड़ा एलान किया है। सपा मुखिया ने कहाकि अगर यूपी में 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनी तो वह राज्य की महिलाओं को 40 हजार रुपये देंगे।

अखिलेश यादव ने बिहार चुनाव में महागठबंधन की हार पर बातचीत करते हुए ये एलान किया। महिलाओं को 40 हजार देने के लिए उन्होंने पिछले चुनावों का जिक्र करते हुए इन पैसों का इंतजाम कैसे होगा इसके बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। अखिलेश यादव ने कहाकि बिहार का चुनाव क्यों बदल गया। सुनने में आया कि महिलाओं को 10 हजार रुपये देने की बात कही गई। उन्होंने कहाकि 10 हजार बड़ी रकम होती है। अब बहुत सारी माताएं-बहनें उन 10 हजार रुपये का इंतजार कर रही हैं।

अखिलेश ने कहाकि अब हम लोगों ने भी इसके लिए तैयारी कर ली है। मुझे याद है कि यूपी में समाजवादी पार्टी ने 500 रुपये महिलाओं को समाजवादी पेंशन के माध्यम देना शुरू किया था। इसके बाद के चुनाव में हम लोग महिलाओं को 1 हजार रुपये देने जा रहे थे। वहीं लोकसभा का चुनाव आया तो हम लोग 2500 रुपये देने जा रहे थे।

उन्होंने कहाकि पिछला चुनाव जीत गए और अब अगला 2027 का चुनाव होने जा रहा है तो हमने भाजपा से सीखकर हिसाब-किताब लगाया है। अगर हमारी माताएं-बहनें जो उत्तर प्रदेश की थीं। उन्होंने जो 500-500 रुपये करके जो पैसा खोया है। अगर हिसाब लगाया जाए तो एक साल में 3 हजार रुपये बनते हैं। अखिलेश ने कहाकि 12 महीने 3 हजार रुपये देना है तो कुल 36 हजार रुपये हुए। उन्होंने आगे कहाकि इतने साल महिलाओं को नहीं मिला तो उसका 4 हजार ब्याज भी हम लोग जोड़ रहे हैं। इसको मिलाकर हम समाजवादी लोगों ने तय किया कि गरीब माताओं-बहनों को साल में 40 हजार रुपये देने का काम करेंगे।

अखिलेश ने इस घोषणा के बाद कहाकि अगर 10 हजार से सरकार बन सकती है तो हम लोग 40 हजार देने जा रहे हैं। उन्होंने कहाकि हम भाजपा वालों से कहना चाहते हैं कि जो आप लोगों ने लाखों का वादा किया था, वो पैसा अब तक कहां है।

कहां से आएगा महिलाओं को देने के लिए पैसा

एक चैनल के साथ बातचीत में अखिलेश ने 40 हजार रुपये देने की घोषणा पर कहाकि देश के जितने भी उद्योगपति हैं, उन सब पर कितना उधार है तो हम उनसे उधार वापस लेकर गरीब मां-बहनों को देने का काम करेंगे। अखिलेश ने कहा दुनिया का पैसा लेकर देश के बड़े उद्योगपति बन सकते हैं तो समाजवादी सरकार में अपनी माताओं बहनों की मदद करने के लिए वही तरीका अपनाएंगे जो बड़े-बड़े उद्योगपति आगे बढ़ने के लिए अपना रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *