एसआईआर का रविवार को विशेष अभियान, सुबह 8 बजे से घर-घर डोर-टू-डोर पहुंचेंगे बीएलओ और सुपरवाइजर
डीएम ने मतदाताओं से गणना पत्र भरकर तत्काल जमा कराने की अपील
जिलाधिकारी ने शहरी विधानसभा की बूथवार एसआईआर प्रगति समीक्षा की
आगरा। एसआईआर के गणना पत्र संकलन के लिए रविवार को जिले में विशेष अभियान चलेगा। सभी बीएलओ और सुपरवाइजर सुबह 8 बजे से घर-घर और डोर-टू-डोर पहुंचेंगे। जिलाधिकारी ने कहाकि सभी मतदाता उपलब्ध जानकारी गणना प्रपत्र में भरकर बीएलओ को तत्काल जमा कराएं।
जिलाधिकारी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को एसआईआर का विशेष अभियान चलाया जाएगा। मतदाता गणना पत्रों के संकलन के लिए सभी बीएलओ, सुपरवाइजर सुबह 8 बजे से घर-घर, डोर-टू-डोर पहुंचेंगे। उन्होंने कहाकि रविवार को सभी सभी मतदाता, फैक्ट्री वर्कर छुट्टी घर पर रहेंगे। उन्होंने कहाकि अगर उनके पास 2003 की मतदाता सूची की जानकारी नहीं है तो उस कॉलम की जानकारियों को बीएलओ, सुपरवाइजर भरने में मदद करेंगे। सभी मतदाता अपना नाम, एपिक नंबर आदि भरकर, हस्ताक्षर, अंगूठा निशानी करके बीएलओ को दें। ताकि उनका नाम मतदाता ड्राफ्ट में आ सके। अंतिम तिथि का इंतजार न करें। जिलाधिकारी ने बताया कि इस अभियान में शहरी क्षेत्रों में लगभग 1600 अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए गए हैं जो विशेष अभियान में बीएलओ व सुपरवाइजर का फार्म संकलन में सहयोग करेंगे।
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने सूरसदन प्रेक्षागृह में शनिवार को बीएलओ, सुपरवाइजर और ईआरओ व एईआरओ से सीधा संवाद कर बूथवार एसआईआर प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने आगरा साउथ के बीएलओ, सुपरवाइजर से संवाद करते हुए गणना पत्र वितरण, संकलन और डिजिटलाइजेशन प्रतिशत की बूथवार रिपोर्ट तलब की। इस दौरान बीएलओ, सुपरवाइजर से फील्ड में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। बताया गया कि डोर टू डोर संपर्क करने के बाद भी मतदाता गणना पत्र भरकर उपलब्ध नहीं करा रहे। इससे संकलन में समस्या आ रही है। जिलाधिकारी ने राजनैतिक दलों के बीएलए, पार्षद, सहायता के लिए लगाए गए नगर निगम के कार्मिकों आदि से समन्वय कर शत-प्रतिशत गणना पत्र संकलन करने, बीएलओ एप के माध्यम स्वयं और नजदीकी सेंटर पर सभी गणना पत्र डिजिटलाइज कराने के निर्देश दिए।
