दालमंडी वालों को दाल की तरह न दलेंः अखिलेश
सपा अध्यक्ष का भाजपा पर तंज, बोले, सब दर्ज किया जा रहा
कहा, भाजपा ने वाराणसी का विकास जान-बूझकर रोक लिया
वाराणसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में मेट्रो से लेकर तमाम बड़े विकास कार्य सपा की देन हैं। जबकि भाजपा ने वाराणसी का विकास जान बूझकर रोक दिया।
दालमंडी इलाके में चल रहे चैड़ीकरण और तोड़फोड़ को अखिलेश ने पॉलिटिकल डिमोलिशन करार दिया। उनका कहना था कि यह योजना इतिहास और धरोहर बचाने के नाम पर नहीं, बल्कि संकीर्ण सियासत की साजिश है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहाकि जो कुछ हो रहा है, सब दर्ज किया जा रहा है।
अखिलेश ने दावा किया कि यूपी में आज जो भी मेट्रो ट्रेनें चल रही हैं, उनकी नींव समाजवादी सरकार ने रखी थी। वाराणसी में भी मेट्रो का डीपीआर उनकी ही सरकार ने तैयार किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने न तो वरुणा नदी को साफ होने दिया और न ही रिवर फ्रंट बनने दिया।
सपा प्रमुख ने दालमंडी के व्यापारियों और निवासियों के पक्ष में खड़े होकर कहा कि उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दालमंडी वालों को दाल की तरह नहीं दलें। अखिलेश ने मांग की कि डिमोलिशन की कार्रवाई तुरंत रोकी जाए। अखिलेश ने भाजपा सरकार की नीति लोगों को भयभीत कर कारोबार रोकने की साजिश बताया। उन्होंने कहाकि सड़क चैड़ीकरण के नाम पर जनता को गुमराह किया जा रहा है। सवाल उठाते हुए उन्होंने कहाकि किसी की जीविका छीनने का अधिकार सरकार को किसने दिया।
