बिहार सरकार गठनः नीतीश का इस्तीफा, नई सरकार का दावा पेश किया

0
nitish-kumar_large_1858_8

गुरुवार को नीतिश 10वीं बार लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

प्रधानमंत्री मोदी और 11 राज्यों के मुख्यमंत्री भी होंगे शामिल

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद बुधवार को राज्यपाल से मिलकर अपना इस्तीफा सौंपा और सरकार बनाने का दावा पेश किया है। नीतीश गुरुवार, 20 नवंबर को लगातार 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 11.30 बजे पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में होगा, जहां इसे भव्य रूप देने की तैयारी की जा चुकी है।

गांधी मैदान में दो बड़े मंच बनाए गए हैं, जहां से शपथ ग्रहण कार्यक्रम का संचालन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के करीब 11 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के समारोह शामिल होने की खबर है। इसके अलावा लगभग 150 वीआईपी अतिथियों को विशेष तौर पर निमंत्रण भेजा गया है। सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन ने विशेष प्लान तैयार किया है।

एनडीए ने नीतीश को चुना नेता

बुधवार को राजनीतिक गतिविधियां पूरे दिन तेज रहीं। सबसे पहले जदयू विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार को नेता चुना गया। वहीं बीजेपी विधायक दल की हुई बैठक में सम्राट चैधरी को विधायक दल का नेता और विजय कुमार सिन्हा को उपनेता चुना गया। दोनों नेताओं को उपमुख्यमंत्री बनाया जाना तय माना जा रहा है। इसके बाद विधानसभा के सेंट्रल हॉल में दोपहर 3.30 बजे एनडीए विधायक दल की बैठक हुई, जहां सभी दलों ने सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को अपना नेता चुना। भाजपा संसदीय बोर्ड की ओर से बिहार सरकार गठन की प्रक्रिया के लिए तीन केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए केशव प्रसाद मौर्य (मुख्य पर्यवेक्षक), अर्जुन राम मेघवाल और साध्वी निरंजन ज्योति मंगलवार रात को ही पटना पहुंच चुके थे। तीनों पर्यवेक्षक बुधवार को दिनभर बैठकों में व्यस्त रहे।

आज तय होगा मंत्रिमंडल का अंतिम फॉर्मूला

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पटना पहुंच रहे हैं। वे नीतीश कुमार और अन्य एनडीए नेताओं के साथ मंत्रिमंडल विस्तार को अंतिम रूप देने के लिए बैठक करेंगे। उम्मीद है कि विभागों का वितरण आज ही तय कर लिया जाएगा। ताकि शपथ ग्रहण के तुरंत बाद नई सरकार बिना देरी काम शुरू कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *