खरगे, सोनिया और राहुल ने दी जयंती पर इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि
नयी दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 108वीं जयंती पर बुधवार को यहां उनकी समाधि शक्ति स्थल पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस मौके पर कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने हिस्सा लिया और इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री को नमन करते हुए कहा इंदिरा गांधी का अनुकरणीय और गतिशील नेतृत्व, जिसमें उन्होंने अपार राजनीतिक साहस दिखाया, सदैव प्रेरणादायी रहेगा। जन सेवा के लिए उनके अटूट संकल्प और समर्पण ने भारत की प्रगति यात्रा पर अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने कहाकि राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए उनका सर्वोच्च बलिदान कोटि-कोटि नमन का पात्र है। उनकी जयंती पर हम उनकी चिरस्थायी विरासत को सादर श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहाकि देश के लिए निडर होकर फैसले लेने और हर परिस्थिति में देशहित को प्रथम रखने की प्रेरणा मुझे दादी से ही मिली है। उनका साहस, देशभक्ति और नैतिकता आज भी मुझे अन्याय के खिलाफ मजबूती से खड़े होने का हौसला देती हैं।
