रेलवे का सेफ्टि संवादः कोहरे में मिशन शून्य दुर्घटना के बारे में दी जानकारी

0
a0230d7a-81fd-455c-8e1f-825498d558cb
मथुरा जंक्शन पर परिचालन विभाग ने किया संरक्षा सेमिनार का आयोजन

संरक्षा सेमिनार में दर्जनों कर्मचारियों ने लिया भाग, बताई अपनी परेशानियां

मथुरा। कोहरे के मौसम में संरक्षित रेल संचालन और मिशन शून्य दुर्घटना को लेकर मथुरा जंक्शन पर आयोजित सेमिनार में आने वाली चुनौतियां और कठिनाइयों के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। मण्डल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के निर्देशन में और वरिष्ठ मण्डल परिचालन प्रबंधक समन्वय कुलदीप मीना की अगुवाई में सहायक परिचालन प्रबंधक मूवमेंट अनिल कुमार सिंह, सहायक परिचालन प्रबंधक कोचिंग ऋषिकांत की उपस्थिति में मथुरा जं. पर कोहरे के मौसम में संरक्षित रेल संचालन और मिशन शून्य दुर्घटना के विषय पर संरक्षा सेमिनार का आयोजन किया गया।

सेमिनार में उपस्थित कर्मचारियों को कोहरे के मौसम में आने वाली चुनौतियों, जैसे दृश्यता की कमी, सिग्नल पहचानने में कठिनाई, ब्रेकिंग दूरी में वृद्धि आदि के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही इनसे निपटने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। सेमिनार के दौरान सिग्नलिंग प्रणाली की भूमिका, लोको पायलटों की जिम्मेदारी, गार्डों के बीच समन्वय, गाड़ी की गति सीमा का पालन, फॉग सेफ्टी डिवाइस का उपयोग, ट्रैक निरीक्षण, संचार व्यवस्था की निरंतरता जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई। सेमिनार में उपस्थित कर्मचारियों- पर्यवेक्षकों द्वारा पूछे गए सवालों का अधिकारियों ने जवाब दिया। साथ ही उनकी समस्याओं का समाधान किया गया। इस संरक्षा सेमिनार में कुल 87 कर्मचारियों ने भाग लिया। इनमें परिचालन, सिग्नल, सुरक्षा, विद्युत, यांत्रिक , इंजीनियरिंग और वाणिज्य सहित सभी विभागों के कर्मचारी शामिल हुए।

इसके साथ ही पूर्व वर्षों के अनुभवों को साझा किया गया। ताकि आगामी सीजन में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। इस सेमिनार का मुख्य उद्देश्य आगामी शीतकालीन मौसम में कोहरे की परिस्थितियों में सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करना, रेलकर्मियों में संरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और मिशन शून्य दुर्घटना के लक्ष्य की दिशा में सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना रहा। सेमिनार में सहायक परिचालन प्रबंधक मूवमेंट अनिल कुमार सिंह, सहायक परिचालन प्रबंधक कोचिंग ऋषिकांत, स्टेशन निदेशक आनंद प्रकाश श्रीवास्तव और मण्डल के विभिन्न विभागों के पर्यवेक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *