भाजपा के ज्यादातर विधायक हैं लुटेरेः शिवपाल
बदायूं में सपा नेता ने यूपी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
कोई जनता को लूट रहा तो कोई जमीनों को कब्जा रहा
बदायूं। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के चाचा और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने सोमवार को बड़ा सियासी बयान देते हुए आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भाजपा के ज्यादातर विधायक लुटेरे हैं। वह बेसहारा लोगों की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं।
बदायूं में सोमवार को एक कार्यक्रम में शिकरत करने आए शिवपाल यादव ने संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के अधिकतर विधायक लुटेरे हैं। उनमें से कोई जमीनों पर कब्जा कर रहा है तो कोई जनता को लूटने में लगा है। शिवपाल यादव ने बदायूं में भाजपा सरकार पर मुनाफे वाले सभी संस्थाओं को निजी हाथों में बेचने का आरोप लगाते हुए कहाकि समाजवादी पार्टी इसका खुलकर विरोध करती है और आगे भी करती रहेगी।
शिवपाल यादव ने सपा में गुटबाजी को लेकर पूछे गए सवाल पर कहाकि गुटबाजी समाप्त करने के लिए ही पार्टी के सभी संगठन भंग किए गए हैं। अब पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा सभी लोगों को एक करने के लिए उन्हें मनाया जाएगा। शिवपाल यादव ने स्पष्ट किया कि रूठे कार्यकर्ताओं को तीन बार तक मनाया जाएगा और अगर वे फिर भी नहीं मानते हैं तो ऐसे लोगों को पार्टी से बाहर कर दिया जाएगा। उन्हें दोबारा किसी भी कीमत पर पार्टी में वापस नहीं लिया जाएगा। सपा नेता शिवपाल यादव की तरफ से भाजपा विधायकों पर लगाए गए आरोपों ने प्रदेश का सियासी माहौल गरमा दिया है।
