गोवर्धन पूजाः ब्रज में उमड़ा आस्था का सैलाब

0
gavarathhana-parakarama_8f3711d9ee09d0b80c206759c2076fde

गिरिराज परिक्रमा मार्ग पर गूंजा हरिनाम संकीर्तन

आस्था के जलाए दीप, भोग लगाकर मांगी मनोती

मथुरा। ब्रज की रज-रज में कृष्ण भक्ति है। यही श्रद्धा भाव बुधवार को गोवर्धन पूजा व अन्नकूट महोत्सव में देखने को मिला। देशभर से ही नहीं, विदेशों से भी बड़ी संख्या में भक्त अन्नकूट महोत्सव में शामिल होने आए हैं। लाखों श्रद्धालु भक्तों ने गिरिराज पर्वत की परिक्रमा और पूजा-अर्चना कर मंदिरों में आस्था के दीप जलाए और अन्नकूट भोग लगाकर मनोती मांगी।

बुधवार को सुबह से ही परिक्रमा मार्ग पर भक्तों की भारी भीड़ जुटने लगी। पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों की गूंज, हरे कृष्णा-हरे राम के मंत्रों की ध्वनि और फूलों से सजे झांकियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में गिरिराज महाराज की जयकारों के साथ परिक्रमा करते नजर आए। इस अवसर पर इस्कॉन मंदिर के संतों ने विशेष रूप से गिरिराज महाराज को समर्पित छप्पन भोग की परंपरा निभाई।

संतों ने अपने सिर पर छप्पन प्रकार के व्यंजन उठाकर गिरिराज जी को अर्पित किए। गोवर्धन पूजा का महत्व श्रीकृष्ण की उस लीला से जुड़ा है, जब उन्होंने इंद्र देव के घमंड का दमन करते हुए ब्रजवासियों को मूसलधार वर्षा से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी तर्जनी अंगुली पर उठा लिया था। तब से लेकर आज तक यह पर्व श्रद्धा के साथ मनाया जाता है और गिरिराज जी की पूजा कर परिक्रमा की जाती है।

प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस, होमगार्ड, स्वयंसेवकों और स्वास्थ्य सेवाओं की तैनाती से श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा गया। धार्मिक आयोजनों, भंडारों और कीर्तन मंडलियों ने इस पर्व को और भी भव्यता प्रदान की। भक्तों ने एक स्वर में कहा कि गिरिराज जी की कृपा से ही जीवन में सुख, समृद्धि और शांति बनी रहती है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार गोवर्धन पहुंचे। उन्होंने दानघाटी और जतीपुरा स्थित मुखारबिंद मंदिर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी और एसएसपी ने कहाकि गोवर्धन पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह से सतर्क और तैयार है।

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *