तानाशाही पर उतारू है भाजपा सरकारः अखिलेश
सपा के प्रतिनिधिमंडल को बरेली जाने से रोके जाने से खफा है सपा अध्यक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
कहा, अपने काले कारनामों को छिपाने के लिए लोकतंत्र की हत्या कर रही है भाजपा सरकार
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को बरेली जाने से रोकने से खफा पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिये तानाशाही कर रही है जो संविधान की मूल भावना पर प्रहार है। अखिलेश यादव ने शनिवार को कहाकि भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। संविधान विरोधी और अलोकतांत्रिक कार्य कर रही है। बरेली जा रहे समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमण्डल को सरकार के इशारे पर पुलिस द्वारा रोका जाना निन्दनीय
उन्होने कहा कि पिछले दिनों समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन के नेतृत्व में जा रहे प्रतिनिधिमंडल को रोका गया था। पार्टी के निर्देश पर बरेली जा रहे प्रतिनिधिमंडल को जगह-जगह रोका जाना भाजपा सरकार की नाकामी है। समाजवादी प्रतिनिधिमंडल को बरेली के डीआईजी और कमिश्नर से मिलकर वहां शांति बहाली की दिशा में प्रयास करना था। हैरानी की बात है कि बरेली के जिलाधिकारी ने निषेधाज्ञा का हवाला देकर नेता विरोधी दल और समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमण्डल को बरेली जाने से रोक दिया।
पुलिस ने माता प्रसाद पाण्डेय सहित प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्यों हरेन्द्र मलिक सांसद, इकरा हसन सांसद, जियाउर्रहमान बर्क सांसद, मोहिबुल्लाह नदवी सांसद, नीरज मौर्य सांसद, वीरपाल सिंह यादव पूर्व सांसद, प्रवीण सिंह ऐरन पूर्व सांसद, शिवचरन कश्यप जिलाध्यक्ष, शमीम खां सुल्तानी महानगर अध्यक्ष, अताउर्रहमान विधायक, शहजिल इस्लाम अंसारी विधायक, भगवत शरण गंगवार, शुभलेश यादव को भी उनके घरों में पाबंद कर दिया। यह निंदनीय और शर्मनाक है।
सपा अध्यक्ष ने कहाकि भाजपा सरकार का व्यवहार सत्ता के दुरुपयोग के साथ पूर्णतया अलोकतांत्रिक है। बरेली में 26 सितम्बर को जुमे की नमाज के बाद घटी घटना के बाद निदोषों की धरपकड़ के साथ कई मकानों-दुकानों पर बुलडोजर चला है। विपक्ष को वहां के हालात की सही जानकारी करने और पीड़ित परिवारों से मिलने से रोक कर जता दिया गया है कि अपने काले कारनामों पर पर्दा डालने के लिए ही भाजपा सरकार यह सब हरकतें कर रही है।
उन्होने कहाकि भाजपा सरकार को एक बात समझ लेनी चाहिए कि वह बरेली की जनता पर अपना दमनचक्र चलाकर कुछ हासिल नहीं कर पाएगी। पीडीए जाग चुका है। पीडीए की एकजुटता के आगे भाजपा का अन्याय, अत्याचार टिकने वाला नहीं है। भाजपा का कुशासन, लूट और भ्रष्टाचार सब जनता जान चुकी है। 2027 के चुनावों में भाजपा की दमनकारी, अहंकारी सरकार का सूपड़ा साफ होना तय है। अलोकतांत्रिक, जनविरोधी और अन्यायी भाजपा सरकार के दिन अब गिने-चुने रह गए हैं।
