सपा सांसद बोले, उपचुनाव में भाजपा सरकार ने वोटों की डकैती करवाकर मेरे बेटे को हराया

0
1a3663a8c543222f8b0607a96aa587ab1736408010679487_original

वाराणसी। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने सोमवार को आरोप लगाते हुए कहाकि भाजपा सरकार ने मिल्कीपुर में वोटों की डकैती कराकर मेरे बेटे को चुनाव हरवा दिया। अयोध्या से अवधेश प्रसाद के सपा सांसद चुने जाने के बाद इस वर्ष की शुरुआत में उनके इस्तीफे से रिक्त हुई मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा के चंद्रभानु पासवान ने सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद को पराजित किया था।

सपा सांसद प्रसाद ने संवाददाताओं से बातचीत में कहाकि फैजाबाद के मिल्कीपुर से जनता ने उन्हें (अवधेश प्रसाद) नौ बार विधायक बनाया। जब वह सांसद बने तब अखिलेश यादव ने उनके बेटे अजीत प्रसाद को मिल्कीपुर से प्रत्याशी बनाया, लेकिन भाजपा सरकार ने उनके बेटे को वोट चोरी नहीं, बल्कि डकैती करके हरवा दिया। उन्होंने कहाकि रामजी की कृपा से वह अयोध्या का चुनाव जीते। प्रसाद ने 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के लल्लू सिंह को हैट्रिक लगाने से वंचित करते हुए फैजाबाद सीट जीती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को बिहार में गाली देने के मामले में पूछे जाने पर सवाल उठाते हुए प्रसाद ने कहाकि किसने गाली दी है, यह जांच का विषय है। इस तरह के आरोपों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। अवधेश प्रसाद ने कहाकि चुनावी प्रक्रिया में सुधार की आवश्यकता है। सभी राजनितिक दलों को मिलकर चुनावी प्रक्रिया को स्वच्छ और निष्पक्ष बनाने के लिए काम करना चाहिए। पुलवामा में मारे गए शहीदों के परिवार के लोगों को न्याय मिलने की बात पर प्रसाद ने कहाकि जब भाजपा की डबल इंजन सरकार का सफाया होगा तब ही न्याय मिल पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *