विधायक संग ट्रैक्टर पर बैठ मंडलायुक्त ने किया बाढ प्रभावित गांव का दौरा
यमुना नदी में आई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और राहत केंद्रों का किया सघन निरीक्षण
महिलाओं और बच्चों से जाना हाल-चाल, खान-पान की व्यवस्था के दिए निर्देश
कैलाश गांव, कैलाश मंदिर, बल्केश्वर घाट और किरावली के गांव का किया दौरा
आगरा। मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने यमुना नदी में आई बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों और बाढ़ राहत केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलमग्न हो चुकीं फसलों के नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिए।

मंडलायुक्त सबसे पहले बल्केश्वर स्थित आईटीआई कॉलेज में बनाए गए बाढ़ राहत केंद्र का निरीक्षण किया। जहां बल्केश्वर के रजवाड़ा क्षेत्र के बाढ प्रभावित परिवारों को शरण दी गई है। विगत तीन दिनों से प्रभावित लोग राहत केंद्र पर ही जीवन यापन कर रहे हैं। मौके पर क्षेत्रीय विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, पार्षदगण और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। मण्डलायुक्त ने प्रभावित परिवार की महिलाओं और बच्चों से बातचीत कर हालचाल जाना। पूछा कि उन्हें ठीक प्रकार से भोजन पानी मिल रहा है या नहीं। इस राहत केंद्र पर लगभग 150 लोग रह रहे हैं जिनके लिए समुचित रहने और खाने-पीने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बलकेश्वर घाट से कॉलोनी की तरफ बढ़ रहे यमुना नदी के पानी के स्तर के बारे में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिए कि और भी क्षेत्र प्रभावित होते हैं तो उन क्षेत्रों के प्रभावित परिवारों के लिए भी उचित व्यवस्था की जाए।


इसके बाद मण्डलायुक्त ने कैलाश गांव, मंदिर परिसर और यमुना घाट का भी निरीक्षण किया। निर्देश दिए कि किसी भी आम जन को घाट की तरफ नहीं जाने दिया जाए। जिन गलियों में पानी भरा है वहां लोगों को बाहर निकलने से रोका जाए। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय में बनाए गए बाढ़ राहत केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आपातकालीन स्थिति में सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


तहसील किरावली के ग्राम पंचायत सामरा में मंडलायुक्त ने क्षेत्रीय विधायक चैधरी बाबूलाल के साथ ट्रैक्टर में बैठकर बाढ़ प्रभावित ग्राम नगला सोमनाथ का निरीक्षण किया। यहां यमुना नदी में आई बाढ़ के कारण किसानों की फसलें व खेत जलमग्न हो गए हैं। प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने के बाद संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि एक टीम गठित कर किसानों की फसलों के नुकसान का आंकलन कर उचित मुआवजा दिलाए जाने के रिपोर्ट तैयार की जाए। क्षेत्रीय लोगों की मांग पर बारिश और जलभराव के कारण क्षतिग्रस्त हो चुकी सड़कों का जीर्णोद्धार कराने और भरतपुर की ओर से आने वाले पानी को रोकने के लिए बंदी की कार्यवाही किए जाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर एडीएम वित्त व राजस्व शुभांगी शुक्ला, एसडीएम किरावली नीलम तिवारी, नायब तहसीलदार अनिल चैधरी और तहसील सदर व किरावली की राजस्व टीम मौजूद रही।
