समय से पूरी की जाएं परियोजनाएंः मंजू भदौरिया
जिला पंचायत अध्यक्ष ने विभिन्न विभागों संग की सिंचाई बंधु बैठक
जिले में चल रहीं महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर किया विचार-विमर्श
आगरा। सिंचाई बंधु बैठक मंगलवार को जिला पंचायत सभागर में हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनपद में चल रही महत्वाकांक्षी परियोजना पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सिंचाई, विद्युत, नलकूप, लघु सिंचाई, कृषि, जल निगम, निचली मांट शाखा खण्ड गंगा नहर, मथुरा, सिंचाई खण्ड, हाथरस, के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियन्ता ने बताया कि वर्ष 2025-26 में जनपद आगरा में कुल 79 नग नहरों की सिल्ट सफाई का कार्य प्रस्तावित है। जिला पंचायत अध्यक्ष वित्तीय वर्ष 2024-25 में जनपद आगरा में सिंचाई विभाग की अनुमोदित और जिन परियोजनाओं में कार्य पूर्ण हो चुके हैं उसकी स्थिति के बारे में जानकारी मांगी गई। साथ वर्ष 2025-26 में सिंचाई विभाग द्वारा जितनी परियोजनायें बनायी गयी हैं उनकी सूची मुहैया कराने के निर्देश दिए।
बताया गया कि इरादतनगर राजवाह के पुलिया के नवनिर्माण की परियोजना तैयार की जा रही है। गढी खाॅडेराव शमशाबाद नहर कीं पटरियों पर अवैध अतिक्रमण हटाये जाने और ककरारी माइनर बडी नहर से लेकर गढी रद्दू तक सम्पर्क मार्ग को पक्का कराने के बारे मंें जानकारी दी गई। साथ ही प्रत्येक विधान सभा में विकास सम्बन्धी कार्य कराये जाने की जानकारी देने के निर्देश दिए गए। बैठक में सिंचाई खंड हाथरस, निचली मांट शाखा खण्ड, मथुरा, नलकूप विभाग, ताज बैराज निर्माण खण्ड, विद्युत विभाग, लघु सिंचाई विभाग, जल-निगम, कृषि विभाग के कार्यो की भी समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि उनके द्वारा मांगी गईं सभी सूचनाएं 8 दिन के अन्दर उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही विभागो में संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रत्येक बैठक में उपलब्ध कराई जाये। जिला पंचायत अध्यक्ष ने इस बात पर नाराजगी जताई कि बार-बार कहने पर भी विभागीय अधिकारियों द्वारा बैठक मे भाग नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियो को निर्देश दिये गये कि बैठक मे हर हाल में प्रतिभाग करें।
