रेलवे का कीठम गुड्स शेड प्रारंभ, सीमेंट अनलोडिंग की सुविधा अब अधिक सुगम एवं पर्यावरण अनुकूल

0
WhatsApp Image 2026-06-06 at 8.19.33 PM

आगरा: आगरा रेल मंडल द्वारा माल परिवहन सुविधाओं के आधुनिकीकरण एवं पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए यमुना ब्रिज मालगोदाम में सीमेंट की अनलोडिंग का कार्य 22 05.26 से तीन माह के लिए बंद कर दिया गया है तथा इसके स्थान पर कीठम में विकसित नई एवं आधुनिक गुड्स शेड को संचालन हेतु खोल दिया गया है।

यमुना ब्रिज मालगोदाम घनी आबादी वाले क्षेत्र के मध्य स्थित होने के कारण सीमेंट अनलोडिंग के दौरान उड़ने वाली धूल से स्थानीय निवासियों को असुविधा होती थी तथा इस संबंध में समय-समय पर शिकायतें प्राप्त होती रही हैं। धूल प्रदूषण के कारण पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन एवं एनजीटी के निर्देशों का भी विशेष ध्यान रखना आवश्यक था।इसके अतिरिक्त यमुना ब्रिज मालगोदाम में कोई भी लाइन पूर्ण रैक (Full Rake) को एक बार में प्लेस करने योग्य नहीं थी, जिसके कारण रैक को दो चरणों में प्लेस करना पड़ता था तथा शंटिंग कार्य में अधिक समय लगता था। वहीं शहर में दिन के समय भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध होने के कारण माल निकासी की प्रक्रिया भी प्रभावित होती थी और रैक खाली होने में अपेक्षाकृत अधिक समय लगता था।इन सभी चुनौतियों के समाधान के रूप में शहर की आबादी से दूर कीठम में आधुनिक गुड्स शेड विकसित की गई है। यहां एक पूर्ण रैक को एक बार में ही प्लेस किया जा सकता है, जिससे परिचालन दक्षता में वृद्धि होगी तथा समय की बचत होगी।व्यापारियों एवं ग्राहकों के हित में कीठम गुड्स शेड पर विशेष सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। यहां रैक लाने पर 20 रुपये प्रति टन का टर्मिनल शुल्क देय नहीं होगा। इसके अतिरिक्त माल उठाने के लिए 72 घंटे का निःशुल्क समय प्रदान किया जाएगा, जबकि यमुना ब्रिज मालगोदाम में यह सुविधा केवल 12 घंटे तक उपलब्ध थी।आगरा मंडल में कीठम गुड्स शेड के संचालन से माल ढुलाई व्यवस्था अधिक सुचारु, पर्यावरण अनुकूल एवं ग्राहक हितैषी बनेगी तथा क्षेत्र के व्यापार एवं उद्योगों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अन्य खबरे