रेलवेः मुसाफिर हैं कि मानते नहीं, बेहिसाब, बेटिकट, अप्रैल माह में 39 हजार यात्रियों ने भरा 2.59 करोड का जुर्माना
आगरा। ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा करने वाले मुसाफिरों की संख्या कम होने के बजाए बढती जा रही है। इसकी गवाही रेलवे द्वारा बेटिकट मुसाफिरों पर लगाया जा रहा जुर्माना बयां कर रहा है। जनरल से लेकर एसी कोच तक में टिकट न होने के बावजूद ऐसे मुसाफिरों की संख्या हजारों में है, जो बिना किसी भय के ट्रेनों में बिना टिकट लिए ही सफर कर रहे हैं। ऐसे 39 हजार से अधिक मुसाफिरों को महज एक माह में पकडा गया।
आगरा रेल मंडल के विभिन्न स्टेशनों में अप्रैल 2026 में चलाए गए विशेष अभियान रनिंग ट्रेन चेक, स्पॉट चेक, किलेबंदी चेक, मजिस्ट्रेट चेकिंग के दौरान 19,402 बिना टिकट यात्रियों से 1 करोड 53 लाख 33 हजार 5 सौ रुपये, अनियमित यात्रा करने वाले 19,781 यात्रियों से 1 करोड 6 लाख 3 हजार 850 और 16 बिना बुक सामान ले जाने वाले यात्रियों से 11 हजार 735 रुपये रेल राजस्व अर्जित किया गया। इस तरह पूरे अप्रैल माह में 39 हजार 199 यात्रियों से 2 करोड 59 लाख 49 हजार 85 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। यह पिछले वर्ष अप्रैल 2025 की आय 2 करोड 34 लाख की तुलना में लगभग 10.68 प्रतिशत अधिक है। मण्डल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के निर्देशन और वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता के नेतृत्व में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में मण्डल वाणिज्य प्रबंधक बीएस चैहान, संजय गौतम सहायक वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग, संजीव कुमार जाटव सहायक वाणिज्य प्रबंधक गुड्स और मण्डल वाणिज्य निरीक्षक आरके सिंह के अलावा उनकी पूरी टीम शामिल रही। जन संपर्क अधिकारी आगरा रेल मंडल संजय कुमार गौतम ने बताया कि इस प्रकार के टिकट जांच अभियान मण्डल में निरंतर चलाये जायेंगे। ताकि आगरा रेल मंडल में अनियमित यात्रा करने वाले मुसाफिरों पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने यात्रियों से उचित टिकट लेकर और सीमा से अधिक सामान को बुक कराकर ही यात्रा करें और रेल परिसर मे गंदगी और धूम्रपान न करें।

