ताज की खूबसूरती के कायल हुए न्यूजीलैंड के मंत्री, पीयूष गोयल भी रहे साथ
आगरा में कारोबारियों संग केन्द्रीय मंत्री ने विदेशी प्रतिनिधिमंडल के साथ की बैठक
आगरा। ताजनगरी में रविवार को मोहब्बत के स्मारक के साए में भारत और न्यूजी लैंड के बीच कूटनीतिक रिश्तों के साथ-साथ सांस्कृतिक मेलजोल की झलक देखने को मिली। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल व न्यूजीलैंड के व्यापार और निवेश मंत्री टॉड मैक्ले ने रविवार को सपरिवार विश्व विख्यात ताजमहल का दीदार किया। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल अपनी पत्नी सीमा गोयल के साथ पहुंचे। वहीं न्यूजीलैंड के मंत्री टॉड मैक्ले के साथ उनकी पत्नी नादिन मैक्ले भी मौजूद रहीं।
इस दौरान मेहमान दम्पत्ति ने ताजमहल की पच्चीकारी और वास्तुकला को बारीकी से निहारा। टॉड मैक्ले ताज की खूबसूरती देखकर अचंभित रह गए। उन्होंने इसे दुनिया का सबसे सुंदर स्मारक बताया। इसके अलावा चमड़ा, हस्तशिल्प और मार्बल निर्यातकों के साथ केंद्रीय मंत्री ने एक होटल में बैठक की। जहां आगरा के उद्यमियों के अलावा न्यूजीलैंड का प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा।
