ट्रेन में गुम हुआ जेवरातों से भरा पर्स, जीआरपी अलीगढ ने खोजकर किया महिला के सुपुर्द
रीवा एक्सप्रेस से अलीगढ स्टेशन पर उतरी थी महिला यात्री
पर्स में थे ढाई लाख के जेवर, महिला ने जीआरपी का जताया आभार
अलीगढ। जीआरपी अलीगढ जंक्शन पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के तहत सफर के दौरान ट्रेन में गिरे जेवरातों से भरे पर्स को खोजकर महिला को वापस दिलाया। पर्स में करीब ढाई लाख रुपये के जेवरात थे। जेवरातों से भरे पर्स के वापस मिलने पर महिला की खुशी की ठिकाना नहीं रहा।
ट्रेनों में आपराधिक वारदातों की रोकथाम के लिए जीआरपी अलीगढ की टीम मंगल वार को मिशन शक्ति के तहत संदिग्धों की तलाश में जुटी थी कि तभी सूचना मिली कि रीवा एक्सप्रेस में अलीगढ तक यात्रा कर रही एक महिला का जेवरात से भरा पर्स गुम हो गया। इसकी जानकारी होने पर जीआरपी अलीगढ जंक्शन पुलिस टीम तत्काल पर्स की खोजबीन में जुट गई। पुलिस टीम ने ट्रेन के जनरल कोच से महिला का पर्स बरामद किया। पर्स में सोने के जेवरात मंगलसूत्र, कान के झुमके, गले की चेन आदि थी। इसकी कीमत करीब ढाई लाख थीं। इसके अलावा पर्स में 500 रूपये नगद थे। पुलिस टीम ने उक्त पर्स बरामद कर महिला के सुपुर्द कर दिया। जेवरातों से भरा पर्स पाकर महिला की खुशी की ठिकाना न रहा। इसके लिए उसने जीआरपी अलीगढ पुलिस की सराहना की। पर्स बरामद करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विकास सक्सेना, उपनिरीक्षक लक्ष्मी सिंह, महिला हैड कांस्टेबिल मंजू, हैड कांस्टेबिल अनिल कुमार और कांस्टेबिल प्रदीप कुमार आदि शामिल रहे।
