परशुराम चैक पर नीला झंडा लगाने से ब्राह्मण समाज में आक्रोश, सडक पर उतर किया प्रदर्शन, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

0
4f4557f9-26c5-4007-adab-41344c61594d

आगरा। आवास-विकास कॉलोनी सिकंदरा में परशुराम राम चैक पर मंगलवार को जूते-चप्पल पहनकर नीले झंडे लगाने से आक्रोशित ब्राह्मण समाज ने बुधवार को धरना-प्रदर्शन किया। पूर्वान्ह 11 से दोपहर दो बजे तक चले प्रदर्शन में ब्राह्मण समाज ने आरोपी युवकों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों में महिलाएं भी शामिल रहीं। इस दौरान ब्राह्मण समाज की तीन मांगों सहमति बनने पर प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।

ब्राह्मण समाज के प्रदर्शन और एकत्रित होने की खबर पर चार एसीपी के साथ कई थानों का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। इस दौरान एसीपी प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास करते रहे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस से तीखी नोकझोक भी हुई। उधर ब्राह्मण समाज के एक प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस आयुक्त दीपक कुमार से मुलाकात की। उसने पुलिस द्वारा मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज करने पर विरोध जताया। इस पर पुलिस आयुक्त ने समाज की भावनाओं को आहत करने वाले युवकों की पहचान करके उन्हें 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने, चैराहे पर पुलिस बूथ स्थापित करने और धाराओं को बढ़ाने का आश्वासन दिया। इसकी जानकारी होते ही प्रदर्शनकारी शांत हुए और दोपहर दो बजे धरना-प्रदर्शन समाप्त किया। साथ ही चेतावनी दी कि अगर भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले युवकों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह आंदोलन को बाध्य होंगे।

गौरतलब है शहर में मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे बाइक रैली के रूप में सिकंदरा आवास विकास कालोनी सेक्टर 10 चैराहा पहुंचे युवक परशुराम चैक पर चढ़ गए और चैक पर चारों ओर नीले झंडे लगा दिए। वहां पर मौजूद कुछ लोगों ने इसका विरोध भी किया, लेकिन वे नहीं माने। इस पर लोगों ने वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया में प्रसारित कर दिया था।

जूते पहनकर चैक में चढ़ने और नीले झंडे लगाने को अपमान मानते हुए ब्राह्मण समाज के लोगों ने नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामा और प्रदर्शन की जानकारी होने पर सिकंदरा और जगदीशपुरा समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसी बीच बाइक रैली में शामिल युवक पहुंच गए और दोनों तरफ से नारेबाजी के चलते तनाव बढ़ गया। पुलिस ने किसी तरह युवकों को समझा-बुझाकर रैली को रवाना कराया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *