नीले और पंचशील ध्वजों से पटी भीमनगरी, मंच पर मंगलवार को कटेगा केक
उद्घाटन पर मंच पर पंजाबी लोकगायिका गिन्नी माही की होगी संगीत संध्या
जीआईसी ग्राउंड पर चक्रवर्ती सम्राट अशोक के विशाल महल ने लिया आकार
आगरा। डाॅ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती के लिए जीआईसी मैदान पर सज रही भीमनगरी में बोधित्व शैली पर चक्रवर्ती सम्राट अशोक की कल्पनाओ का महल अपना स्वरूप ले चुका है। ग्यासपुरा क्षेत्र की भीमनगरी समारोह आयोजन समिति 15 से 17 अप्रैल तक तीन दिवसीय भीमनगरी महोत्सव में आने वाले आगंतुकों के स्वागत को तैयार है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष सुभाष सागर ने बताया कि सम्राट अशोक का महल बनाने में पिछले 20 दिन से कलकत्ता और पश्चिम बंगाल से आये से 80 से अधिक कारीगर दिनों रात लगे हुए थे। महल 125 फीट ऊंचा और 300 फीट चैड़ा है। महल के आगे जमीन से छह फीट ऊंची, 200 फीट लंबी और 70 फीट चैड़ी स्टेज बनाई गई है। महल के शीर्ष पर 15 फीट का राष्ट्र ध्वज, अशोक चक्र व महल के ऊपर पंचशील का ध्वज लहरा रहा है। शहरवासियों के बैठने के लिए मंच के सामने महापुरुषों के नाम के आठ ब्लॉक बनाये गए हैं।
महेंद्र सिंह ने बताया कि ग्यासपुरा और शाहगंज के साथ-साथ करीब छह किलो मीटर तक भव्य विद्युत सजावट की गई है। भीमनगरी स्थल के साथ-साथ पूरे शहर को बारह हजार पंचशील व नीले ध्वज से पाटा गया है। पहली बार डॉ. भीमराव आंबेडकर का सन्देश 5 किलोमीटर तक शहर की गलियों में सुनाई दे उसके लिए बटक साउंड लगाया गया है।
क्षेत्रीय संयोजक राहुल सागर व कोषाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि 14 अप्रैल को जीआईसी मैदान पर बने भीमनगरी के मंच पर बाबा साहेब के जन्मदिन का केक कटा जायेगा। 15 अप्रैल को भीमनगरी का उद्द्घाटन थाईलैंड से आए विद्वान भंते फ्रा अमनात इंटीटेचो करेंगे। मंच पर प्रख्यात पंजाबी लोकगायिका गिन्नी माही की संगीत संध्या होगी। मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रहेंगे। 16 अप्रैल को आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद की मौजूदगी में बौद्ध रीति-रिवाज से दहेज रहित सौ जोड़ो के सामूहिक विवाह होंगे। सौ घोड़ो पर सौ दूल्हों की बारात भव्य बैंडबाजों के साथ तहसील से जीआईसी पहुंचेगी। मंच पर संगीत संध्या में गायक अनुज जाटव पियावली व देवीराम पप्पू अपनी प्रस्तुति देंगे। 17 अप्रैल को समापन पर प्रबुद्ध वर्ग व मेधावी सम्मान समारोह में लगभग 250 बच्चो का सम्मान और अगली भीमनगरी स्थल की औपचारिक घोषणा होगी। बाबा साहेब के गीतों से मंच पर इंडियन आइडल फेम श्रेया वर्मा व गायिका श्रष्टि सरगम धमाल मयाचेंगी। भीम नगरी आयोजन में प्रताप सिंह सिट्टू, राजाबाबू बौद्ध, रवि शंकर, अजय राना, सिन्धी जनवेजा, वीर प्रकाश बंटी, सुमित कुमार, देवेन्द्र पिप्पल, राजेंद्र पिप्पल, अवधेश कुमार, दीपक कुमार, दिनेश कुमार, सुबोध मानव, टीटू कुमार, नवल किशोर आदि भी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभा रहे हैं।
