यूपी के मैनपुरी में लेनदेन के विवाद में व्यापारी के सिर में घुसेड़ दी ड्रिल मशीन, हमलावर ममेरे भाइयों की तलाश में जुटी पुलिस
मैनपुरी। रुपयों के लेनदेन के विवाद में एक दुकानदार को उसके ही रिश्ते के भाइयों ने जान से मारने की कोशिश की।एक हमलावर ने दुकानदार के हाथ पकड़े और दूसरे ने ड्रिल मशीन से सिर में छेद कर दिया। गंभीर हालत में दुकानदार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर हमलावर भाइयों की तलाश शुरू कर दी है।
मैनपुरी के कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राधा कुंज राधारमन रोड निवासी रोहित कुमार घर के पास एल्युमिनियम के गेट व खिड़की बेचने का काम करते हैं। उसके मामा के लड़के विमल शाक्य और गुलशन शाक्य निवासी विलासपुर थाना औंछा भी यही कारोबार करते हैं। छह माह पहले दोनों उनसे 1.30 लाख रुपये उधार ले गए थे। अभी तक रुपये वापस नहीं किए, मांगने पर रंजिश मानने लगे। चार दिन पहले वह शाम को दुकान बंद कर घर जा रहे थे। विमल व गुलशन की दुकान के सामने से गुजरते समय रुपये का तकादा किया तो दोनों उन्हें पीटने लगे। गुलशन शाक्य ने पीछे से दोनों हाथ पकड़ लिए और विमल ने सिर में बैटरी से संचालित ड्रिल मशीन से लोहे कि बिट को पूरी ताकत से सिर में घुसेड़ दिया। आसपास के लोगों ने आकर उन्हें बचाया और उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हमलावर उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए हैं। मेडिकल कॉलेज सैफई से छुट्टी के बाद वह थाने आए। कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
