सीएम योगी ने दी ग्रेटर आगरा की सौगात, नदियों के नाम पर बसेंगी 10 टाउनशिप
मुख्यमंत्री ने विधिवत् भूमिपूजन कर टाउनशिप मॉडल का किया अवलोकन
ग्राम-रायपुर व रहनकलां में 449.65 हैक्टेयर भूमि पर बसेगा ग्रेटर आगरा
विभिन्न विभागों की योजनाओं, प्रोजेक्ट का भी किया लोकार्पण-शिलान्यास
आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) की 5142 करोड़ रुपये की ग्रेटर आगरा परियोजना का शिलान्यास और भूमि पूजन किया। खराब मौसम के कारण देरी से पहुंचने के बावजूद जनसभा में उमड़े जनसैलाब के धैर्य की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने आगरा के भविष्य के लिए बड़े विजन का रोडमैप पेश किया। उन्होंने कहाकि जिस तरह नोएडा की पहचान एक औद्योगिक केंद्र के रूप में है, अब आगरा का विस्तार होकर नया ग्रेटर आगरा बनेगा।
आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा ग्राम-रायपुर व रहनकलां की लगभग 449.65 हैक्टे यर भूमि पर 5142 करोड़ की लागत से बनने से बनने वाले ग्रेटर आगरा में 10 आवासीय टाउनशिप का शिलान्यास करने हेलीकाप्टर से कार्यक्रम स्थल पर बनाये गये अस्थाई हेलीपैड पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनप्रतिनिधियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत् भूमिपूजन और शिला न्यास करने के बाद मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित टाउनशिप के 3-डी मॉडल का अवलोकन किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर 5142 करोड की लागत से आवासीय टाउनशिप और विभिन्न विभागों की 1324 करोड़ से जनपद की 324 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहाकि ग्रेटर आगरा आवासीय योजना में सनातन धर्म की सभी 10 पवित्र नदियों के नाम पर होगा। जिन्हें हर सनातनी नहाते समय स्मरण करता है। ऐसी पवित्र नदियों के नाम पर बसाई जा रही इस भूमि पर मुझे बताया गया कि इसमें कम अन्न उपजता था।
उन्होंने कहाकि यह जमीन अब दूसरा नोएडा बन जायेगी। उन्होंने कहाकि आवासीय टाउनशिप के साथ यहां कई ब्रिज बनेंगे, पर्यटन विकास की योजनायें आयेंगी, नये इंस्टीट्यूट खुलेगें, आधुनिक सड़कें, हास्पीटल, नगरीय विकास की योजनायें आदि आयेंगी, इससे आगरा स्मार्ट और सेफ आगरा के रूप में स्थापित होगा।
उन्होंने कहाकि इन 9 वर्षों में हमने जो मांगा आपने हमे दिया। भाजपा के सभी 9 विजयी विधायकों को नवरत्न की संज्ञा देते हुए कहाकि आपने हमें महापौर, जिला पंचायत, सभी सांसद, विधायक, एमएलसी दिए, उसी का परिणाम है कि आज आगरा में मैट्रो, गंगाजल जिसे लोग कल्पना की चीज मानते थे, वह भी मिला। जल्द ही एयरपोर्ट सिविल टर्मिनल भी आपका अपना होगा। उन्होंने कहाकि आज दुनिया युद्ध में है, प्रत्येक देश परेशान है, कहीं महंगाई है, कहीं लोग भूख से तरस रहे हैं। दुनिया के 200 देशों में अकेले भारत ने महंगाई को नियंत्रण में किया है। आमजन को कोई परेशानी नहीं है।

उन्होंने कहाकि अमेरिका में युद्ध के कारण महंगाई चरम पर है। पाकिस्तान तबाह है, मोदी जी ने पेट्रोल कम्पनियों को बुलाकर स्पष्ट कहाकि गरीब लोगों पर गैस, पेट्रोल, डीजल का जोर न पड़े। उन्होंने केन्द्र सरकार के मुनाफे को भी नहीं लिया। उन्होंने कहाकि पहले कांग्रेस के समय कश्मीर में दो विधान, दो निशान, दो प्रधान होते थे। श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने एक विधान, एक निशान, एक प्रधान की बात कही। बाबा साहब के संविधान में भी यहीं लिखा था। डाॅ. अम्बेडकर का भी सपना साकार हुआ। आज सुरक्षित और समृद्ध भारत विरासत का सम्मान हो रहा है। ब्रज विकास तीर्थ परिषद द्वारा ब्रज की धरोहरों को संरक्षित किया जा रहा है।

उन्होंने कहाकि हमारी सरकार लोक कल्याण के साथ नौजवानों को नौकरी भी देती है। हमारी सरकार विकास भी और विरासत भी साथ लेकर कार्य करती है। आज माफियाओं को मिट्टी में मिला दिया गया है। जातिवादी पार्टियां जाति के नाम पर बांटती हैं, विकास का पैसा हजम करती हैं। आज माता, बहनों और व्यापारियों की तरफ कोई गलत नजर भी नहीं डाल सकता। ऐसी पार्टियां महापुरूषों को जाति में बांटकर समाज की एकता को खण्डित करना चाहती हैं।
उन्होंने कहाकि महाराणा प्रताप, राणा सांगा देश के लिए बलिदान दिया। महाराज सूरजमल ने लाल किला में भूसा भर दिया, लोकमाता अहिल्याबाई ने उत्तर से दक्षिण, पूरब से पश्चिम तक सभी आस्था के स्थलों, तीर्थों, मन्दिरों को पुनर्जीवित कर, सनातन के गौरव को पुनर्जीवित किया।

मुख्यमंत्री ने कहाकि यह समय बटनें का नहीं एकजुट होकर विश्व मंच पर आगे बढ़ने का है। उन्होंने कहाकि इस टाउनशिप में 10 हजार से अधिक परिवार रहेंगे। इसमें गरीब, उद्यमी सभी के लिए आवास हैं। हमारी सरकार ने आगरा के पेठा को ओडीओपी में लाकर विश्व स्तर पर पहचान दी। उन्होंने कहाकि विकास के लिए आप जो कहेंगे वो मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहाकि जल्दी ही छत्रपति शिवाजी म्यूजियम के लोकार्पण, आगरा शहर के मैट्रो के दूसरे चरण के शुभारम्भ और नये एयरपोर्ट के उद्घाटन में आने की बात कही। उन्होंने कहाकि डीपीआर मिलते ही आगरा में यमुना नदी पर डाउन स्ट्रीम में रबर डैम बनाये जाने की भी बात की।
इस मौके पर प्रदेश के पर्यटन और संस्कृति और जनपद प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह, केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, केबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य, होमगार्ड व नागरिक सुरक्षा मंत्री धर्मवीर प्रजापति, सांसद फतेहपुर सीकरी राजकुमार चाहर, राज्यसभा सदस्य नवीन जैन, विधायक डॉ.जीएस धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ. धर्मपाल सिंह, रानी पक्षालिका सिंह, चै. बाबूलाल, छोटे लाल वर्मा, भगवान सिंह कुशवाह, एमएलसी विजय शिवहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, महानगर अध्यक्ष भाजपा राजकुमार गुप्ता, जिलाध्यक्ष राष्ट्रीय लोकदल गोविंद शर्मा के अलावा पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में मण्डलायुक्त नगेन्द्र प्रताप सिंह, पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार, जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी, एडीए उपाध्यक्षएम. अरुणमोली, सीडीओ प्रतिभा सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण मौजूद रहे।






