दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में बड़ी चूक, गेट तोड़कर अंदर घुसी कार, तीन हिरासत में
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सोमवार को एक बड़ी चूक का मामला सामने आया है। यहां एक अज्ञात कार गेट तोड़कर परिसर के अंदर घुस गई। कार सवार वहां गुलदस्ता रखकर फरार होने में सफल रहा। तेज रफ्तार कार ने विधान सभा के गेट को टक्कर मारी और उसे तोड़कर अंदर दाखिल हो गई। अचानक हुई इस घटना से वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप मच गया।
घटना दोपहर ढाई बजे के आसपास की है और गाड़ी आगरा नंबर की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में तुरंत ऐक्शन लेते हुए गाड़ी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान सरबजीत सिंह के रूप में हुई है। वह कार चला रहा था। सरबजीत सिंह ने वीआईपी उपयोग वाले गेट दो को तोड़ा। अंदर घुसते और बाहर निकलते समय उसने बूम बैरियर को भी टक्कर मारी। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने फुटेज की जांच की है। तीनों संदिग्धों को लगभग दो घंटे के भीतर पकड़ लिया गया।
सरबजीत सिंह अपनी सफेद टाटा सिएरा एसयूवी कार से परिसर में घुसा। उसकी कार का पंजीकरण उत्तर प्रदेश का है। यह कार सरबजीत सिंह के नाम पर ही पंजीकृत है। वह पीलीभीत का रहने वाला है। परिसर में घुसने के बाद उसने एक जगह गुलदस्ता रखा। घटना के बाद बम निरोधक दस्ते और अपराध शाखा की टीमों को बुलाया गया। हालांकि, अभी तक कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पुलिस विशेष आयुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) अनिल शुक्ला और विशेष पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) रवींद्र यादव मौके पर मौजूद हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की जा रही है।
